महासमुन्द

जोंक नदी पुल में मिली लाश की पहचान अब तक नहीं
04-Mar-2022 4:03 PM
जोंक नदी पुल में मिली लाश की पहचान अब तक नहीं

महासमुंद, 4 मार्च। सांकरा थाना क्षेत्र के जोंक नदी स्थित पुराने पुल के नीचे मिले शव की शिनाख्ति अब तक नहीं हुई है। मालूम हो कि कल राहगीरों ने सांकरा पुलिस को इसकी सूचना दी थी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकाला। पुलिस ने आसपास के लोगों से शव की पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन पहचान नहीं हो पाई। शव के पहचान के लिए पुलिस ने फोटो सोशल मीडिया में वायरल भी किया लेकिन शुक्रवार सुबह 11 बजे तक शव की शिनाख्ती नहीं हो पाई है।

पुलिस शव दो दिन पुरानी बता रही है। थाना सांकरा प्रभारी वीणा यादव ने बताया कि गुरूवार सुबह सांकरा के कुछ ग्रामीण जोंक नदी के पुराने पुल की ओर गए थे। उसी समय देखा की व्यक्ति नदी में नजर आ रहा है,जिसका पीठ ऊपर है और सिर व पेट पानी में डूबा हुआ है। काफी देर तक उसमें कोई हलचल नहीं हुई तो लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला गया। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 60 से 65 वर्ष के आसपास की है। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक की पहचान अभी नहीं हुई है। पहचान के लिए आसपस क्षेत्र के थानों में गुम इंसान कायम होने वाले दर्ज रिपोर्ट के अनुसार परिजनों से पहचान कराई जा रही है। वहीं सोशल मीडिया का सहारा लिया गया है।
 


अन्य पोस्ट