महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2 मार्च। महासमुंद जिले की चारों सीट देने के बाद भी भूपेश केबिनेट में किसी नेता को शामिल नहीं किया गया लेकिन अब जिले के दो नेताओं को कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया गया है। इसके साथ ही एक विधायक को राज्यमंत्री और दो विधायकों को संसदीय सचिव बनाए जाने के साथ ही महासमुंद जिले का कद सरकार में बढ़ गया है। बीते सोमवार को बीज विकास निगम के अध्यक्ष व पूर्व विधायक अग्नि चंद्राकर को सरकार ने केबिनेट मंत्री का दर्जा दिया।
अग्नि चंद्राकर के पहले बसना विधायक राजा देवेंद्र बहादुर सिंह को वन विकास निगम का अध्यक्ष बनाए जाने के साथ ही केबिनेट मंत्री का दर्जा दिया गया था। ये दोनों ऐसे क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हंै, जो सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता में हैं। इस तरह अब महासमुंद के दिग्गज कांग्रेस नेता चंद्राकर केबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त हैं और अध्यक्ष बीज विकास निगम है। राजा देवेंद्र बहादुर सिंह केबिनेट मंत्री दर्जा, बसना विधायक व अध्यक्ष वन विकास निगम, विनोद सेवनलाल चंद्राकर संसदीय सचिव, महासमुंद विधायक, द्वारिकाधीश यादव संसदीय सचिव खल्लारी विधायक, किस्मत लाल नंद उपाध्यक्ष अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण सरायपाली विधायक, राज्य मंत्री दर्जा, महेंद्र चंद्राकर उपाध्यक्ष कृषक कल्याण बोर्ड, अनिता जी रावटे सदस्य महिला आयोग, मोहित ध्रुव सदस्य मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण, रामनारायण आदित्य सदस्य मछुआ कल्याण बोर्ड जिले का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
गौरतलब है कि साल 2018 के चुनाव में महासमुंद जिले के चारों विधानसभा से कांग्रेस के विधायक चुनकर आए। इन विधायकों में से महासमुंद और खल्लारी के विधायक को संसदीय सचिव बनाया गया। इसके बाद बसना विधायक को वन विकास निगम का अध्यक्ष और सरायपाली विधायक को अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया, जिन्हें राज्य मंत्री का दर्जा प्राप्त है।
महासमुंद जिला ऐसा पहला जिला है, जहां के चारों विधायकों के साथ बड़ी संख्या में नेताओं को निगम मंडल में स्थान दिया गया है। विधायकों को छोड़ दें तो 4 ऐसे नेता हैं, जो इस वक्त किसी निगम या फिर मंडल के पदाधिकारी या सदस्य हैं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ रश्मि चंद्राकर कहती हैं कि महासमुंद जिला शुरू से ही कांग्रेस का गढ़ रहा है। निश्चित तौर पर अग्नि चंद्राकर को केबिनेट मंत्री का दर्जा दिए जाने के बाद से महासमुंद जिले का कद सरकार में और बढ़ गया है। इसका लाभ महासमुंद की जनता को मिलेगा।