महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 1 मार्च। नशीली दवा बेचने का आरोप लगाकर मेडिकल स्टोर्स संचालक से मारपीट के मामले में सोमवार को जिला दवा विक्रेता संघ ने एसपी व कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मामले में लिप्त आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की जिस पर एसपी ने त्वरित कार्रवाई की गई और डीएसपी कल्पना को निर्देशित किया। दवा विक्रेता जब तक ज्ञापन देकर लौटे तब तक आरोपित गिरफ्तार किए जा चुके थे। अत: दवा विक्रेताओं ने आज मंगलवार को दो बजे तक मेडिकल व्यवसाय बंद रखने का निर्णय वापस लिया है। हालांकि इस घटना के विरोध स्वरूप दवा विक्रेता काली पट्टी लगाकर और आधा शटर खोलकर व्यवसाय कर रहे हैं।
जानकारी अनुसार रायपुर रोड स्थित मालू मेडिकल स्टोर्स के संचालक मनोज कुमार जैन ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि रविवार शाम करीब चार बजे मेडिकल के सामने ही कुलर का काम करने वाले चंदन साहू, नीलकंठ साहू तथा चंदन साहू की पत्नी एवं उनका लडक़ा मेडिकल में आकर तुम नशीली दवाई बेचते हो कहते हुए गाली-गलौज कर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। बीच बचाव करने पर मेडिकल में काम करने वाली संध्या निषाद एवं दीपिका चौहान से भी मारपीट की। शिकायत पर पुलिस ने गाली गलौज, मारपीट, जान से मारने की धमकी देने के तहत जुर्म दर्ज कर जांच में लिया है।
सोमवार जिला दवा विक्रेता संघ के सचिव अरशी अनवर, महासमुंद ब्लाक अध्यक्ष संजय जैन, मनीष शुक्ला, देवराज गुरुनानी, शम्मी सलूजा, अशोक मालू सहित संघ के सदस्यों ने एसपी, कलेक्टर व थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की। संघ के जिला सचिव आरशी अनवर ने बताया कि घटना के विरोध में आज मंगलवार को हाफ शटर खोलकर और काली पट्टी लगाकर दवा विक्रेता अपनी सेवाएं चालू रखे हुए हैं।