महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 1 मार्च। पूर्व विधायक एवं चिकित्सा प्रकोष्ठ प्रदेश संयोजक डॉ. विमल चोपड़ा ने प्रेस विज्ञप्ति में कांग्रेस सरकार की बिजली बिल हाफ योजना के झूठे प्रचार पर आपत्ति करते हुए कहा कि बिजली बिल हाफ नहीं हुआ बल्कि दोगुना हो चुका है। उपभोक्ताओं से की जा रही इस प्रकार की ठगी के कारण आज किसान से लेकर व्यापारी तक परेशान हैं।
कांग्रेस के बिजली बिल हाफ की योजना व्यापारियों द्वारा लगाए जाने वाले उस सेल की तरह है जहां दस रुपए कीमत की वस्तु पर 30 रुपए अंकित कर 50 प्रतिशत छूट का हल्ला किया जाता है। जबकि उपभोक्ता को उसके वास्तविक दाम में ज्यादा देना पड़ता है।
डॉ. चोपड़ा ने कहा है कि गांव एवं शहरों की बिजली व्यवस्था जर्जर हो चुकी है, न तो पुराने तारो को बदलने का कार्य हो रहा है और न ही खराब पड़े ट्रांसफार्मरों या लो वोल्टेज की समस्या से निजात दिलाने की कार्यवाही हो रही है। केन्द्र सरकार की हर घर बिजली की योजना की सफलता के बाद जो कुछ कार्य विद्युत विभाग के सुद्वढिक़रण को लेकर चल रहा है, वह केन्द्र सरकार की योजना का अंग है। प्रदेश सरकार की खस्ता आर्थिक स्थिति एवं कुप्रबंधन के कारण किसान परेशान है उन्हे स्थायी कनेक्शन के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है और भ्रष्टाचार के बोलबाल के कारण आर्थिक बदहाली का सामना करना पड़ रहा है। किसानों को सोलर पंप के लिए क्रेडा विभाग की निष्क्रीयता एवं शासन की नीतियो के कारण भयंकर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सोलर पंप के लक्ष्य में राज्य सरकार द्वारा की गई कमी में इस योजना पर प्रश्न चिन्ह लगा दिया है। डा.चोपड़ा ने क्षेत्रवासियों से अनुरोध किया है कि अपने घर एवं खेत का बिजली बिल देखकर कांग्रेस के नेताओं को जवाब दें एवं आने वाले चुनाव के समय इस सरकार को उखाड़ फेकें।