महासमुन्द
महासमुंद, 28 फरवरी। महासमुंद सितली नाला डायवर्सन में मछली पकडऩे के दौरान करंट लगने से पतेरापाली निवासी जीवराज ध्रुव एवं साखूराम ध्रुव की मौत पर विद्युत विभाग ने जांच कर किसान के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने जांच प्रतिवेदन सिटी कोतवाली प्रभारी को सौंपा है। समाचार लिखे जाने तक इस मामले में कोतवाली पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं किया है। बताया जा रहा है कि किसान अवैध रूप से डायरेक्ट कनेक्शन लेकर पनडुब्बी पंप चला रहा था।
किसान की लापरवाही के चलते मछली पकडऩे नाले में आए दो व्यक्ति की मौत हुई है। विद्युत विभाग के कनिष्ठ यंत्री ब्रजेश धुर्र्वे ने पुलिस को बताया कि शनिवार को ग्राम लभरा खुर्द में सितली नाला में करंट लगने से दो व्यक्ति की मौत हो गई है। सूचना मिलने पर लभरा फीडर की विद्युत आपूर्ति बंद गई और घटना स्थल पहुंचकर प्रमुखों के समक्ष घटना स्थल का मुआयना कर नक्शा तैयार किया गया। इसमें पाया गया कि निम्नदाब विद्युत लाइन से अवैध रूप से डायरेक्ट हुकिंग कर 96 मीटर की दूरी तक तार खींचकर तीन एचपी पनडुब्बी पंप खेतों की सिंचाई करने के लिए चलाया जा रहा था। लभराखुर्द के रहने वाला युवक राज चंद्राकर सिंचाई कर रहा था।