महासमुन्द

किसानों को यूरिया मिल रहा लेकिन लदान पावडर की बोरी साथ खरीदने पर, फसल बर्बाद न हो, इसलिए मजबूरी में खरीद रहे
28-Feb-2022 4:21 PM
किसानों को यूरिया मिल रहा लेकिन लदान पावडर की बोरी साथ खरीदने पर, फसल बर्बाद न हो, इसलिए मजबूरी में खरीद रहे

आरोप गलत है, किसानों के मांग के पर ही लदान दे रहे हैं-संचालक भूपेन्द्र

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 28 फरवरी। जिला प्रशासन ने हाल ही में नगदी में दुकानों से निर्धारित दाम पर यूरिया दिलाने का वादा किसानों से किया था जो अब फेल नजर आ रहा है। दुकानदार यूरिया के साथ जबरदस्ती अन्य कीटनाशक दवाई व लादन पाउडर किसानों को थमाकर दो बोरी यूरिया का 1000 से 1200 रुपए का बिल थमा रहे हैं। किसान जिले के अधिकारियों को इस बात की जानकारी दे रहे हैं लेकिन अधिकारी इसे नजर अंदाज कर रहे हैं। तुमगांव में इस तरह का मामला सामने आया है। वहां के दो दुकानदार किसानों को यूरिया तभी दे रहे हैं, जब वे लादन साथ में ले रहे हैं। बिना लादन पाउडर के यूरिया किसानों को नहीं मिल रही है। किसानों का आरोप है कि अधिकारी फ ोन तक नहीं उठाते। इस संबंध में कृषि विभाग के प्रभारी उप संचालक अमित मोहंती का कहना है कि तुमगांव में इस तरह की घटना की जानकारी मिली तो हमारे कर्मचारी दिनभर दुकान में उपस्थित रहकर यूरिया का वितरण सही दाम में कराया है। लादन देने वाली बात पर उन्होंने कहा कि किसानों की मांग पर ही दुकानदार दे रहे हैं।

जानकारी मिली है कि ग्राम मुस्की, कांपा के किसानों को आनंद एग्रो यूरिया के साथ लदान पावडर भी दे रहा है। सिर्फ  यूरिया ही देेने से मना करता है। लिहाजा 266 रुपए कीमती यूरिया के लिए किसानों को 234 अतिरिक्त खर्च करना पड़ रहा है। इस तरह दुकानदार अपने दूसरे प्रोडक्ट को यूरिया के साथ खरीदने के किसानों को मजबूर कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि उक्त दवाइयों की ज़रुरत नहीं है। इसके बावजूद अधिक खर्च कर फसल बचाने के लिए यूरिया खरीदना पड़ रहा है। दुकानदार किसानों को स्पष्ट कह रहे हैं कि यूरिया लेना है तो लदान की बोरी लेना ही होगा।

इस तरह जिले में यूरिया खाद की भारी किल्लत बनी हुई है। इससे रबी फसल की स्थिति खराब होती जा रही है। पहले खेप में मिले यूरिया से एक कुछ एकड़ जमीन पर ही छिडक़ाव किया जा सका है, शेष में छिडक़ाव बचा है। यूरिया की कीमत शासन द्वारा निर्धारित है लेकिन दुकानदार यूरिया खाद नहीं दे रहे हैं। लाख कोशिशों और आंदोलन के बावजूद युरिया खाद की कालाबाजारी मनमाने ढंग से जारी है।

हालात यह है कि अभी भी 266 रुपए की यूरिया के लिए किसान मजबूरी में 234 रुपए अतिरिक्त खर्च कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि फसल को अभी यूरिया की ज़रुरत भरपूर मात्रा में जरूरत है। फसल की ज़रुरत के हिसाब से यूरिया नहीं मिल पा रही है।

गौरतलब है कि तुमगांव के शीतल एंड ब्रदर्स व आनंद एग्रो एंड सर्विसेस में परसों शनिवार रात को यूरिया की खेप पहुंची थी। इसकी जानकारी होने के बाद कल रविवार सुबह से यूरिया लेने दोनों दुकान में पहुंचे थे। आनंद एग्रो ने यूरिया का वितरण किसानों को किया, लेकिन शर्त पर कि लादन पावडर की बोरी लें। किसानों ने फसल बर्बाद न हो, इसलिए लादन के साथ यूरिया खरीदा। इसके लिए किसानों को 1000 व 1200 रुपए खर्च करना पड़ा। इधरए शीतल एंड ब्रदर्स ने सुबह किसानों को यूरिया का वितरण नहीं किया।

अधिकारी के आने पर ही किया। जबकि आंनद एग्रो के संचालक भूपेन्द्र ठाकुर का कहना है कि आरोप गलत है, किसानों के मांग के पर ही लदान दे रहे हैं। कृषि विभाग के अधिकारी भी यहां मौजूद थे।


अन्य पोस्ट