महासमुन्द
कलेक्टर बोले- कोई बच्चा न छूटे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28 फरवरी । कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर ने शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नयापारा में बच्ची को पोलियो की खुराक पिला कर जिला स्तरीय पल्स पोलियो कार्यक्रम की शुरुआत की। जिले में कल रविवार 27 फऱवरी से 1 मार्च तक चलने वाले तीन दिवसीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान के दौरान 0 से 5 वर्ष तक की आयु के 114099 नौनिहालों को पोलियो की खुराक पिलायी जाने का लक्ष्य है। जिसमें शहरी क्षेत्रों में 16732 और ग्रामीण क्षेत्र में 97367 लक्ष्य था। कल 98545 बच्चों को पोलियो की खुराक दी गयी। जिसमें शहरी क्षेत्र के 13189 और ग्रामीण क्षेत्र के 85356 पात्र बच्चे हैं।
इसके लिए जिले में 1270 पोलियो बूथ और 2880 सेंटर स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा ट्रांजिट टीम तथा मोबाइल टीम गठित की गई है। पल्स पोलियो अभियान पर निगरानी के लिए 391 सुपरवाईजर तैनात किए गए हैं। पल्स पोलियो बूथ पर दवा पिलाने के लिए कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। कल शुभारंभ के इस मौक़े पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी एस आलोक, मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी डा. एन के् मंडपे, जिला टीकाकरण अधिकारी डा. अरविन्द गुप्ता, कार्यक्रम प्रबंधक रोहित कुमार वर्मा, डा. मुकुन्द राव घोड़ेसवार, स्काउट गाइड के जिलाध्यक्ष दाऊलाल चन्द्राकर ने बच्चों को पल्स पोलियो दवा की दो बूंद पिलाई।