महासमुन्द
दूसरे जगह भेजे गए शिक्षक को मूल शाला ज्वाइनिंग दिलाई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27 फरवरी। जिले के पटेवा क्षेत्र के ग्राम बनपचरी प्राथमिक स्कूल एक शिक्षकीय होने से ग्रामीण व पालक आक्रोशित हो गए। शनिवार को पालकों व समिति के लोगों ने अपनी मांग को लेकर स्कूल में तालाबंदी करते हुए नारेबाजी की और दूसरे स्कूल भेजे गए शिक्षक को मूल शाला में पदस्थ करने की मांग की। मामले की जानकारी मिली तो विकासखंड शिक्षा अधिकारी अपने टीम के साथ स्कूल पहुंचे और दूसरे स्कूल में पदस्थ शिक्षक को मूल शाला में ज्वाइनिंग दिलाई। इसके बाद ग्रामीण व पालकों का आक्रोश शांत हुआ और स्कूल का ताला खोला गया।
गौरतलब है कि जिले के डीईओ, बीईओ कार्यालय व मूल शाला से अन्यत्र शाला जैसे मनचाहे स्कूल में पदस्थ शिक्षकों को मूल स्कूल में भेजने का फरमान जारी होने के बाद भी शिक्षा विभाग अपने चहेते शिक्षकों को बचाने के प्रयास में लगा है। आदेश जारी हुए तीन दिन बीत गए हैं लेकिन कार्यालयों में पदस्थ शिक्षकों को मूल स्कूल में भेजने का आदेश जारी अभी तक नहीं किया गया है। वहीं एक शिक्षकीय स्कूलों में 2 शिक्षक की पदस्थापना का प्रस्ताव तैयार कर जल्द ही भेजने का निर्देश दिया गया है।
मालूम हो कि इस शिक्षण सत्र में शिक्षकों की कमी, एक शिक्षकीय और शिक्षकों की अनुपस्थिति को लेकर लगभग तीन स्कूलों में तालाबंदी हो चुकी है। जिले में ऐसे 259 स्कूल हैं, जहां सिर्फ एक शिक्षक ही पांचों कक्षाओं को पढ़ाते हैं। इसके चलते जिले के स्कूलों से पालकों की नाराजगी सामने आ रही हैं। शनिवार को हुए तालाबंदी के संबंध में बीईओ एमपी साहू ने बताया कि एक शिक्षक कनेकेरा में पदस्थ थे, उसे दो दिन पूर्व ही मूल शाला में पदस्थ किया गया था। ज्वानिंग नहीं लेने के कारण स्थिति निर्मित हुई थी। शिक्षकों को बुलाकर ज्वाइनिंग करा ली गई है।
जानकारी अनुसार सुरक्षा की दृष्टि से गांव में पुलिस भी पहुंची थी। इस गांव में हर शनिवार को सुबह 7 बजे स्कूल लगता है। लेकिन तालाबंदी के कारण देर तक पढ़ाई बाधित रही। करीब साढ़े 10 बजे व्यवस्था में भेजे गए शिक्षक अशोक निषाद के ज्वाइन करने के बाद ग्रामीण शांत हुए और स्कूल का ताला खोलकर पढ़ाई शुरू कराई गई। ग्राम पंचायत बनपचरी के प्राथमिक शाला में पदस्थ तीन शिक्षकों में से एक शिक्षक के पदोन्नत होने के बाद दूसरे शिक्षक को विभाग ने व्यवस्था के तहत प्राथमिक स्कूल कनेकेरा भेज दिया था। इसके कारण यहां का स्कूल एक शिक्षकीय हो गया था। बच्चों की पढ़ाई को देखते हुए ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग और विधायक से शिकायत की थी, लेकिन तब विभाग ने शिक्षक की व्यवस्था नहीं की थी। लिहाजा नाराज ग्रामीणों ने शुक्रवार को एक बैठक आहुत कर स्कूल में तालाबंदी का निर्णय लिया और इसकी जानकारी अधिकारियों को दी। शनिवार सुबह सुबह स्कूल में ताला जड़ दी गई। इस स्कूल की दर्ज संख्या 90 है।