महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 26 फरवरी। शासकीय मेडिकल कॉलेज महासमुंद संबद्ध अस्पताल के पैथालॉजी विभाग में मार्च के दूसरे सप्ताह में साइटोलॉजी ब्रांच भी अपनी सेवाएं शुरू कर देगा। इसके शुरू होने के बाद शरीर के किसी भी हिस्से में निकली गांठ की निडिल सूई पद्धति से सैंपल लेकर जांच की जाएगी। यह विधि जांच कैंसर की संभावनाओं और बीमारी को लेकर विस्तृत जानकारी देता है। एक ही दिन में नि:शुल्क जांच होने और उसकी विस्तृत रिपोर्ट मिलने से महासमुंद के साथ-साथ गरियाबंद जिले के कई क्षेत्रों के लोगों को भी सहूलियत होगी।और उन्हें भी इन बीमारियों के डायग्नोसिस में मदद मिलेगी।
इसमें निडिल जांच पद्धति से ब्रेस्ट कैंसर, बच्चों के गले में बनने वाली गांठ, हाथ पांव में होने वाली गांठ, थायराइड के साथ-साथ पैप स्मीयर टेस्ट यानी महिलाओं के सर्वाइकल कैंसर के बारे में भी जानकारी मिल सकेगी। इस संबंध में मेडिकल कॉलेज अस्पताल के अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने बताया कि मार्च से साइटोलॉजी सुई जांच की सुविधा प्रदान करने के लिए कार्य कर रहे हैं। इसके मैटेरियल आते ही यह जांच शुरू कर दी जाएगी ताकि लोगों को ऐसे महत्वपूर्ण जांच की सुविधा महासमुंद में ही मिल सके।
इस संबंध में पैथालॉजी विभाग की प्रमुख डॉ. शशिकला कहती हैं कि साइटोलॉजी ब्रांच शुरू करने के लिए डीन और हॉस्पिटल अधीक्षक को पत्र लिखा है। इसका रिस्पॉन्स भी काफी अच्छा रहा है। हम जल्द ही ब्रांच शुरू कर लोगों को सुविधा प्रदान करेंगे। इस जांच में उपयोग होने वाले कैमिकल व कुछ सामान मंगाए गए हैं। मैटेरियल आते ही यह सुविधा भी लोगों को मिलने लगेगी।
गौरतलब है कि निडिल जांच का उपयोग शरीर में कहीं पर हुए गठान के ऑपरेशन से पहले किया जाता है। इसके तहत सुई के माध्यम से गठान से सैंपल लिया जाता है। जिसे रिएजेंट से स्टेन करके माइक्रोस्कोप के माध्यम से जांच की जाती है। इसकी जांच के बाद उस गांठ के बारे में विस्तृत रिपोर्ट भी मिल जाती है कि उक्त गांठ कैंसर है या नहीं। इसके आधार पर ही चिकित्सक उक्त मरीज का इलाज करता है।