महासमुन्द

एसडीएम को हटाने, तहसील दफ्तर में फाइलों का निरीक्षण करने की मांग के साथ कलेक्टर से मिले अधिवक्ता
24-Feb-2022 3:48 PM
एसडीएम को हटाने, तहसील दफ्तर में फाइलों का निरीक्षण करने की मांग के साथ कलेक्टर से मिले अधिवक्ता

राजस्व न्यायालयों में कानून का कोई स्थान शेष नहीं रह गया-अनिल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 24 फरवरी। प्
रदेश के राजस्व न्यायालयों में भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने व अधिवक्ताओं से किए जा रहे उपेक्षापूर्ण व्यवहार पर रोक लगाने की मांग को लेकर जिला अधिवक्ता संघ ने कचहरी चौक पर कल एक दिनी धरना प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री व राजस्व मंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। अधिवक्ताओं ने कलेक्टर से मुलाकात कर एसडीएम को हटाने और तहसील दफ्तर का निरीक्षण करने की मांग की। अधिवक्ताओं की मांग पर कलेक्टर ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

न्यायालयों में दलालों के हस्तक्षेप को लेकर संघ के अध्यक्ष अनिल शर्मा ने कहा कि रायगढ़ में पदस्थ पूर्व तहसीलदार के द्वारा अधिवक्ता साथी के साथ किए गए अपमानजनक व्यवहार, प्रदेश के राजस्व न्यायालयों में व्याप्त भष्ट्राचार, दलालों के दखल एवं अधिवक्ताओं के साथ अपमानजनक व्यवहार के कारण प्रदेश के सभी अधिवक्ताओं में आक्रोश है। राजस्व न्यायालयों में कानून का कोई स्थान शेष नहीं रह गया है। यहां दलालों का हस्तक्षेप हावी है। राजस्व न्यायालयों अधिकारी.कर्मचारियों द्वारा अधिवक्ताओं की उपेक्षा की जाती है और पक्षकारों को अधिवक्ता नियुक्त नहीं करने व प्रत्यक्ष संपर्क कर लेनदेन के आधार पर प्रकरण निराकरण की परंपरा बन गई है।

कल बुधवार दोपहर दो बजे जिला अधिवक्ता संघ ने कचहरी चौक में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन कर विरोध जताया। सभी अधिवक्ता धरना स्थल पर एकत्रित होकर आरोप लगाते हुए राजस्व न्यायालय में चल रहे भ्रष्टाचार, दलाली, भर्राशाही एवं अधिवक्ताओं के साथ अपमानजनक व्यवहार को रोकने अपनी आवाज बुलंद की। इस दौरान विभिन्न संगठनों ने संघ का समर्थन किया। प्रदर्शन में जिलेभर के अधिवक्ता शामिल थे।

इस दौरान अध्यक्ष अनिल शर्मा के अलावा प्रलय थिटे्, नरेन्द्र दुबे, भरत ठाकुर, अजीज कुरैशी, शशांक तिवारी, खिलावन बघेल, देवीचंद राठी, साधना सिंह ठाकुर, जगमोहन चंद्राकर, देवेन्द्र दुबे आदि ने धरने को संबोधित किया। कचहरी चौक में धरना प्रदर्शन के बाद शाम पांच बजे अधिवक्ता कलेक्टोरेट पहुंचे, जहां परिसर में नारेबाजी की। डिप्टी कलेक्टर एसके टंडन ज्ञापन लेने पहुंचे, लेकिन अधिवक्ताओं ने कलेक्टर से मुलाकात करने की मांग की। इसके बाद वे कलेक्टर से मिले और रायगढ़ मामले की चर्चा की। साथ ही महासमुंद एसडीएम को हटाने व तहसील कार्यालय में प्रकरणों के फाइल के निरीक्षण करने की मांग की।
 


अन्य पोस्ट