महासमुन्द
दो दिनों में किशोरों के टीकाकरण का आंकड़ा न के बराबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 24 फरवरी। जिले में 15 से 18 वर्ष तक के किशोरों के टीकाकरण और बुस्टर डोज की रफ्तार इन दिनों काफी धीमी है। आज चौथे दिन 24 फरवरी को फ्रंट लाइन वर्कर के लिए टीकाकरण आयोजित है। इसमें कोटवार, पटवारी, सचिव, पंचायत रोजगार सहायक शामिल हैं। कल 25 फरवरी को पुलिस विभाग से संबंधित कर्मचारियों को टीकाकृत किया जाएगा। जबकि महाभियान के तीसरे दिन कल 23 फरवरी को महिला व बाल विकास विभाग के आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका को टीकाकृत किया जाना था, जिसमें केवल 255 लोगों को ही टीका लगा।
इस अभियान में कलेक्टर ने 21 व 22 फ रवरी को अभियान चलाकर किशोरों को पहली डोज के 20 हजार से अधिक व दूसरी डोज के करीब 32 हजार डोज लगाकर पूर्ण टीकाकरण घोषित करने के लिए कहा था। इन दो दिनों में किशोरों के टीकाकरण का आंकड़ा न के बराबर ही बढ़ पाया है। अभियान के तहत इन दो दिनों में जिले के सैंकड़ों स्कूलों में टीकाकरण शिविर आयोजित किया गया, जहां किशोर टीकाकरण के लिए पहुंचे ही नहीं। बता दें कि जिले के स्कूलों में ही लगभग 61 हजार छात्र टीकाकरण के लिए पात्र हैं।
गौरतलब है कि इस महाभियान के संबंध में कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय करने के लिए हफ्तों पहले ही आदेश दे दिये थे। इसके बाद भी महाभियान की गति बेहद धीमी है। अब बचे हुए किशोरों के टीकाकरण के साथ-साथ हेल्थ वर्कर व फ्रंटलाइन वर्कर के प्रिकॉशन डोज को गति देने के लिए कलेक्टर ने जिले में पांच दिनी टीकाकरण महाभियान चलाने का आदेश दिया था, जिसकी शुरुआत 21 फरवरी से हुई। महाभियान के शुरुआती दो दिनों में स्वास्थ्य विभाग के पास किशोरों को पहली व दूसरी डोज मिलाकर 52 हजार से अधिक डोज लगाने की चुनौती थी। लक्ष्य के विपरीत यह आंकड़ा लगभग 800 के आस-पास ही सिमट गया। अभी भी लगभग 20 हजार छात्रों को टीके की पहली और करीब 32 हजार को दूसरी डोज नहीं लग पाई है।
45 हजार को पहली और 32 हजार को लग चुकी दूसरी डोज जिले में 65321 किशोरों के वैक्सीनेशन का लक्ष्य निर्धारित था। अब तक इनमें से 45 हजार को पहली और करीब 32 हजार को दूसरी डोज की वैक्सीन लग चुकी है।