महासमुन्द

धान खरीदी समाप्त होते ही उठाव की रफ्तार कम
23-Feb-2022 3:00 PM
धान खरीदी समाप्त होते ही उठाव की रफ्तार कम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 23फरवरी ।
धान खरीदी समाप्त होते ही उठाव की रफ्तार कम हो गई है। समितियों का कहना है कि उठाव की रफ्तार को और तेज करना होगा, नहीं तो इस बार भी समितियों को सूखत का नुकसान झेलना पड़ेगा। उठाव में देरी होने के कारण धान में सूखत आना शुरू हो गया है। जबकि  समितियों से धान उठाने के लिए मात्र 21 दिन ही शेष रह गए हैं। निर्धारित समय पर पूरा धान संग्रहण केंद्र व मिलर्स को मिलिंग के लिए उठाना होगा। शासन ने भी समय सीमा में धान का उठाव करने के निर्देश दिए हैं। मुख्य सचिव ने बैठक लेकर कलेक्टर को उठाव कराने के निर्देश दिए हैं। इस वक्त महासमुंद जिले के सभी 152 समितियों में 13 लाख क्विंटल धान रखा हुआ है। इस धान को 21 दिनके अंदर उठाना है।

समिति प्रभारियों की मानें तो पहले जिस धान का उठाव हुआ है, सभी बारों में एक क्विंटल धान गया है। लेकिन 15 फरवरी के बाद से प्रत्येक क्विंटल में 2 से 3 किलो की कमी आ रही है। यानी प्रत्येक बोरे में एक किलो सूखत आई है। समितियों की मानें तो उठाव में लेट लतीफी के कारण सूखत आ रहा है। इसका सीधा नुकसान समिति को होगा। जानकारी के मुताबिक भारतीय खाद्य निगम एफसीआई में अभी तक 166046.6592 टन चावल जमा हो गया है। इसमें 34019.409 टन नान व 132027.2502 टन एफसीआई चावल मिलर्स ने मिलिंग कर जमा किया है। अभी तक मिलर्स ने 48 लाख क्विंटल धान का उठाव किया है। वहीं संग्रहण केंद्र में 14 लाख क्विंटल धान जमा हो गया है।

विभाग के ऑनलाइन आंकड़ों पर यदि गौर करेंगे तो हर दिन मिलर्स 90 हजार क्विंटल धान का उठाव कर रहे है। जबकि 1 से डेढ़ लाख क्विंटल का उठाव होना चाहिए। वहीं संग्रणह केंद्र में भी भेजने की रफ्तार धीमी है। संग्रहण केन्द्रों से 10 से 12 हजार क्विंटल ही धान पहुंच रहा है। बीते 19 फरवरी को मिलर्स ने समितियों से 82951 क्विंटल धान उठाया है। वहीं संग्रहण केंद्र में 8220 क्विंटल धान भेजा है। इसके बाद 20 फरवरी को 84438 क्विंटल मिलर्स को व 4467 क्विंल धान संग्रहण केंद्र गया। फिर परसों 21 फरवरी को 75529 क्विंटल मिलर्स को व 12507 क्विंटल धान संग्रहण भेजा गया है।


अन्य पोस्ट