महासमुन्द
चौक में लाल बत्ती जलने के बाद भी वाहन नहीं रोकने से दुर्घटना की आशंका
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 20 फरवरी। सडक़ दुर्घटना में कमी लाने, तेज रफतार वाहनों को नियंत्रित करने और ट्रैफिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उददेश्य से गुरूवार को शहर के अंबेडकर चौक, नेहरू चौक और बरोंडा पंडित दीनदयाल चौक में ट्रैफिक सिग्नल का शुभारंभ हुआ।
पहले दिन उक्त सभी चौक पर ट्रैफिक जवान तैनात रहे और वाहन चालकों को नियंत्रित करते दिखाई दिए और राजमार्ग की ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु रूप से चलती रही, लेकिन शुक्रवार और शनिवार शाम तक कोई ट्रैफिक जवान इन चौक पर दिखाई नहीं दिये। जिसका परिणाम यह देखने को मिल रहा है कि जिन वाहन चालकों को ट्रैफिक की जानकारी है या जो नियमों को मानते हैं वे तो सिग्नल के इशारे पर चलते रहे पर अधिकांश वाहन चालक इसकी अनदेखी करते दिखाई दिए।
इस तरह चौक में लाल बत्ती जलने के बाद भी वाहन नहीं रोकने से दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। शहर के लोगों का कहना है कि व्यवस्था सुधार के लिए चौक पर ट्रैफिक जवान का रहना जरूरी है, ताकि लोगों को ट्रैफिक नियमों की जानकारी हो और यातायात व्यवस्था सुचारु रूप से चलती रहे। प्रत्येक चौक के आस.पास सडक़ पर अवैध कब्जा कर व्यवसाय करने वालों से सडक़ की चौड़ाई सिमट गई है। इस पर प्रशासन ने अब तक संज्ञान नहीं लिया है।