महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,20 फरवरी। मराठा समाज की नींव रखने वाले छत्रपति शिवाजी की 392वीं जयंती शनिवार को यहां महासमुंद जिला मराठा समाज ने धूमधाम से मनाई। जयंती अवसर पर स्थानीय छत्रपति शिवाजी चौक एसडीएम कार्यालय में सुबह उनके छायाचित्र पर माल्यार्पण किया गया।
दीप प्रज्वलन के साथ ही जय शिवाजीए जय भवानी और हर-हर महादेव, भारत माता की जय के जयकारों से कार्यक्रम स्थल गूंज उठा। इस दौरान समाजजनों ने जमकर आतिशबाजी की और मिठाई वितरण कर खुशी बांटीं। समाज के संरक्षक प्रलय थिटे और जिलाध्यक्ष गोवर्धन इंगोले ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम प्रारंभ किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संरक्षक प्रलय थिटे ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज का जन्म 19 फरवरी 1627 को मराठा परिवार में शिवनेरी महाराष्ट्र में हुआ था। शिवाजी के पिता शाहजी और माता जीजाबाई थी। छत्रपति शिवाजी महाराज का जीवन हमें संघर्षों से लडे की प्रेरणा देता है। भारत के गौरवमयी इतिहास में शिवाजी का योगदान आज के युवा वर्ग के लिए प्रेरणास्रोत है। शिवाजी ने राज आदर्श का जो उदाहरण पेश किया वह आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि शिवाजी महाराज ने आम लोगों की भलाई को ही अपने शासन का आधार बनाया। उन्होंने राज प्रशासन में सामान्य लोगों की हितों को सबसे ऊपर रखा। सामान्य प्रशासन को सुचारु रूप से चलाने के लिए उनके बताए हुए रास्ते पर चलने की जरूरत है। उन्होंने सभी महिलाओं से कहा कि भारत को जीवंत रखने के लिए जरूरी है कि बच्चा-बच्चा शिवाजी बनें।