महासमुन्द
एक जगह सभी को दफनाया, निकली बारात
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,19 फरवरी । छत्तीसगढ़ के महासमुंद में गुरूवार देर रात हुए सडक़ हादसे में मत चार लोगों के बारे में जानकारी मिली है कि इनमें मां और बेटा भी शामिल है। बाकी दो रिश्तेदार हैं और सभी चारों एक ही बाइक पर सवार होकर शादी कार्यक्रम में जा रहे थे।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बंसुलाडबरी निवासी बगुली बाई (45) और उसका बेटा प्रेमलाल (18) साल जिले के ढांक स्थित एक फ ार्म हाउस में रहकर काम करते थे। बगुली बाई के घर में शादी का कार्यक्रम था, जिसमें शामिल होने के लिए दोनों को गुरूवार को घर लौटना था। लिहाजा उन्होंने ढांक गांव से अपने रिश्तेदार जामलाल नागवंशी और हुमनलाल को भी साथ ले लिया और सभी देर रात घर के लिए निकले। रास्ते में झलप-तेन्दूकोना मार्ग पर दुर्घटना हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और चारों को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। वहां डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।
शुक्रवार को जब चारों मृतकों के शव एक साथ गांव पहुंचा तो एंबुलेंस को सीधे अंतिम ंसंस्कार वाले स्थान पर ले जाया गया। यहां पहले से ही जेसीबी बुलाकर कफन दफन की तैयारियां कर ली गई थीं। एंबुलेंस के पहुंचते ही यहां चारों मृतकों के शव का अंतिम संस्कार किया गया, फिर करीब डढ़े घंटे बाद बारात रवाना की गई।
पुलिस ने चारों की पहचान होने के बाद शुक्रवार सुबह परिजनों को इसकी जानकारी दी। उनके पहुंचने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों के हवाले कर दिया गया। बगुली बाई के घर में शादी का कार्यक्रम था, ऐसे में मां-बेटे और रिश्तेदारों की मौत से हडक़ंप मचा हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। जिस वाहन से बाइक की टक्कर हुई, उसका पता अभी तक नहीं चल सका है। कहा जा रहा है कि ट्रक घटना के बाद भाग निकला।