महासमुन्द
निवेशकों ने कहा कि बार-बार थाने के चक्कर काटने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 18 फरवरी। सहारा इंडिया के प्रमुख और संस्था के अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी निवेशकों ने दी है। गुरूवार को निवेशकों के साथ पूर्व विधायक डॉ विमल चोपड़ा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर उक्त जानकारी दी। निवेशकों ने बताया कि बार-बार थाने के चक्कर काटने के बावजूद संस्थान के जिम्मेदारों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
महासमुंद जिले में सहारा इंडिया के करीब 42 हजार निवेशक हैं और उनका करीब 50 करोड़ रुपए बकाया है, जो परिपक्व हो चुकी है। सालभर पहले इस मामले को लेकर पूर्व पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर के समक्ष शिकायत की गई थी। शिकायत पर उन्होंने थाना कोतवाली में पदस्थ सउनि टीकाराम सारथी को जांच अधिकारी नियुक्त किया था। मामले की जांच के दौरान जांच अधिकारी ने जोनल चीफ को बुलाया भी था, लेकिन वे नहीं आए।
मालूम हो कि इसी महीने 8 फरवरी को निवेशकों ने पूर्व विधायक डॉ विमल चोपड़ा की अगुवाई में कोतवाली पहुंचकर एफआईआर दर्ज कराने की मांग की थी। इस पर कोतवाली टीआई शेर सिंह बंदे ने एसपी से बात की और पूर्व विधायक को भी मोबाइल के जरिए बात कराया। इस दौरान एसपी ने 7 दिन के भीतर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया था।
साथ ही कहा था कि इन 7 दिनों के दौरान निवेशक अपने-अपने बॉड की फोटो कॉपी सिटी कोतवाली में जमा कराएं और अपना बयान दर्ज कराएं। ये अवधि 15 फरवरी को समाप्त हो गई। परसों 16 फरवरी को निवेशक फिर से कोतवाली पहुंचे तो उन्हें सिरपुर महोत्सव का हवाला देकर वापस भेज दिया गया। डॉ चोपड़ा ने कहा कि आज शुक्रवार 18 फरवरी को यदि एफआईआर दर्ज नहीं होती तो उग्र आंदोलन की जाएगी, जिसकी सारी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।