महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,18 फरवरी । शहर के तीन चौराहे पर कल ट्रैफिक सिग्नल की शुरुआत होते ही पहले दिन लोगों को थोड़ी परेशानी जरूर हुई, लेकिन शहर के भीतर इन सभी ट्रैफिक सिग्नल में लोग यातायात नियमों का पालन करते नजर आए। फिलहाल ट्रैफिक नियमों को लेकर लोगों को समझाईश दी जा रही है और कहा जा रहा है कि अभी कुछ दिन विभाग लोगों को सिग्नल का पालन करने जागरूक करेगी। इसके बाद यदि कोई वाहन चालक सिग्नल जंप करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मालूम हो कि शहर में सिग्नल तो शुरू हो गया है, लेकिन इसके चलते चौक चौराहों पर जाम की स्थिति निर्मित हो रही है। एनएच चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण के तहत सडक़ के दोनों ओर फुटपाथ बनाया गया है। यह स्थान पैदल चलने वालों के लिए है, लेकिन यहां फुटपाथ पर अवैध रूप से दुकानें चल रही हैं।
काफी इंतजार के बाद कल गुरूवार को ट्रैफिक सिग्नल का शुभारंभ संसदीय सचिव विनोद सेवन लाल चंद्राकर और नगर पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर ने किया। इस दौरान पालिका प्रशासन, पुलिस व जिला प्रशासन के अधिकारी कर्मचारी सहित जनप्रतनिधि मौजूद थे। शहर के मध्य से गुजरे एनएच.353 में यातायात के दबाव को कम करने के लिए नगर पालिका की ओर से रायपुर की एक निजी कंपनी के जरिए नो प्रॉफिट, नो लॉस के तहत अंबेडकर चौक, नेहरू चौक और बरोंडा चौक में ट्रैफिक सिग्नल लगाया गया है। इसके अलावा कचहरी चौक तथा सिटी कोतवाली के सामने ब्लिंकर लाइट लगाई गई है। फर्म ने स्वयं के व्यय पर सिग्नल लगाया गया है, जिस पर होने वाले विद्युत व्यय, संचालन और संधारण आदि का व्यय भी फर्म ही करेगी।
कल शुभारंभ कार्यक्रम में उपाध्यक्ष कृष्णा चंद्राकर, नेता प्रतिपक्ष राशि महिलांग, सीएमओ आशीष तिवारी सहित सभापति संदीप घोष, पार्षद रिंकू चंद्राकर, मुन्ना देवार, हफीज कुरैशी, राजेन्द्र चंद्राकर, जगतराम महानंद, राहुल चंद्राकर, मीना वर्मा, कमला बरिहा, हेमलता यादव, बबलू हरपाल, राजेश नेताम, जावेद चौहान,निखिलकांत साहू, बादल मक्कड़, भाऊराम साहू, संतोष वर्मा, प्रशांत श्रीवास्तव, विजय साव, राजू साहू, अन्नू चंद्राकर, सती चंद्राकर, जसबीर सिंह ढिल्लो, हरदेव सिंह ढिल्लो, सोनाधर सोनवानी, अजय यादव, आवेज खान सहित नागरिक व पालिका कर्मचारीा मौजूद थे।
इस अवसर पर नपाध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर ने कहा कि पिछले 20 सालों में आबादी के साथ शहर का क्षेत्रफल काफी बढ़ा है। इसके अलावा तेज रफ्तार वाहनों की संख्या में भी वृद्धि हुई है। इस पर नियंत्रण जरूरी था। सिग्नल लगने से ये नियंत्रित होगा। वहीं संसदीय सचिव विनोद चंद्राकर ने कहा कि शहर में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने के लिए ट्रैफिक सिग्नल लगाना जरूरी था। इससे मुख्य मार्ग पर सडक़ दुर्घटना की संभावनाएं भी कम होगी।
गौरतलब है कि शहर के तीन चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल तो शुरू हो गया है, लेकिन जेब्रा क्रॉसिंग का निर्माण पुलिस ने नहीं कराया है। सडक़ चौडीकरण के पूर्व जेब्रा क्रासिंग के लिए सफेद रंग की लाइन खींच गई है, लेकिन वह डिवाइडर से लगकर है। उसमें गाडिय़ां आकर खड़ी होती हैं। इसलिए पैदल चलने वाले यदि चलेंगे भी तो डिवाइडर से टकरा जाएंगे।