महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 17 फरवरी । आज पहट 3 बजे से महासमुंद जिले में बारिश जारी है। जिले के कई धान खरीदी केन्द्रों में अभी भी धान का पहाड़ खड़ा है, सिरपुर में महोत्व जारी है, खेतों में दलहन, सरसों, गेहूं का फसल है, जिनमें पानी फिरने की आशंका तेज हुई है। मौसम एक बार फिर ठंड हो गया है। आसमान में घने बादल हैं। मौसम विभाग के मुताबिक हवा की दिशा बदलने के बाद ठंड बढऩे की आशंका है। वैसे भी फरवरी का आधा महीना गुजर जाने के बाद भी ठंड जारी है। आगामी दो दिनों मेे ठंड बढऩे तथा कहीं-कहीं शीतलहर भी चलने की संभावना है।
मालूम हो कि बंगाल की खाड़ी से गर्म हवाओं के आगमन से मंगलवार को कुछ कमी आई थी। इसके बाद जिले में आंशिक बादल छाए रहे, जो आज बरस गए। कल भी बादल की गुंजाईश है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। जिससे एक दो स्थानों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। प्रदेश में वर्षा का मुख्य क्षेत्र उत्तर छग रहने की संभावना है। 17 फरवरी के बाद फिर से उत्तर दिशा की ओर से ठंडी एवं शुष्क हवाओं का आगमन हो सकता है जिससे प्रदेश में ठंड बढ़ेगी।
मौसम साफ होने पर गिरेगा तापमान
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ से आ रही नम हवा की दस्तक से संभाग का मौसम बदल गया है। बंगाल की खाड़ी में बने एक चक्रवात का भी असर देखा जा रहा है। यह तेजी से आगे निकल रहा है। चौबीस घंटे बाद ओडिशा व झारखंड तरफ यह निकल जाएगा। इसके बाद मौसम साफ होने लगेगा। इससे एक बार फिर तापमान गिरेगा और ठंड बढ़ेगी।