महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,17 फरवरी। दो दिनी सिरपुर महोत्सव का शुभारंभ बुधवार शाम 6 बजे हुआ। महोत्सव के पहले दिन आनंदिता तिवारी ने एकल कथक नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी। उन्होंने कथक नृत्य के जरिए समां बांधा। वहीं लोक छाया रायपुर के कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की एक से बढ़क़र एक प्रस्तुति से देकर रात तक दर्शकों तालियां बजाने पर मजबूर किया। महोत्सव की शुरुआत के दौरान पहली प्रस्तुति स्थानीय कलाकारों ने दी। महासमुंद जिले के मुडिय़ाडीह के सत्य के विरासत पंथी नृत्य दल के सदस्यों ने बाबा का संदेश देते हुए आकर्षक पंथी नृत्य की प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ संसदीय सचिव विनोद सेवनलाल चंद्राकर के मुख्य आतिथ्य में हुआ। दो दिन पहले जारी सूचना के अनुसार शुभारंभ कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि संस्कृति एवं खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अमरजीत भगत को शामिल होना था, लेकिन किन्ही कारणों से संस्कृति मंत्री कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए।
बुधवार को महोत्सव के पहले दिन पंथी नृत्य, कथक नृत्य के अलावा दिशा नाट्य मंच महासमुंद के कलाकारों ने लेडगा अउ डेडगा के बोझा नाटक का मंचन किया गया। वहीं कृष्ण बलराम राउत नाचा लहंगर की ओर से राउत नाचा और कर्मा नृत्य पार्टी खट्टी की ओर से कर्मा नृत्य की प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम के अंत में मुख्य कार्यक्रम के रूप में लोक छाया रायपुर के कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।