महासमुन्द

गुम हो चुके 101 मोबाइल नई तकनीकी से ट्रेस, धारकों को वापस किए गए
16-Feb-2022 6:32 PM
गुम हो चुके 101 मोबाइल नई तकनीकी से ट्रेस, धारकों को वापस किए गए

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 16 फरवरी। महासमुंद जिले की साइबर सेल टीम की प्रयास से महासमुंद सहित आसपास के जिले में रहने वाले 101 लोगों को कल मंगलवार को कंट्रोल रूम बुलाकर पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला ने गुम हो चुके मोबाइल वापस लौटाए। मोबाइल मिलने के बाद लोगों ने पुलिस टीम का आभार जताया। मालूम हो कि महासमुंद जिले के थाना व चौकियों में मोबाइल गुम हो जाने की लगतार शिकायतें मिल रही थी। इन्हीं शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने साइबर सेल की टीम को मोबाइल खोजकर वापस दिलाने के निर्देश दिए थे। एसपी के निर्देश पर साइबर की टीम ने गुम हो चुके 101 मोबाइल नई तकनीकी से ट्रेस किया। इस दौरान पता चला कि इनके मोबाइल चालू हैं, जो ओडिशा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार एवं रायपुर, गरियाबंद, बालोद, बलौदाबाजार,धमतरी में क्षेत्र में चल रहे हैं। इसके बाद टीम ने 101 मोबाइल को यहां जाकर जब्त किया। जब्त मोबाइल की कीमत करीब 15 लाख रुपए आंकी गई है।

गौरतलब है कि गुम हुए मोबाइल को वापस दिलाने में साइबर टीम का यह दूसरा प्रयास है। एक साल पहले भी टीम ने गुम हुए करीब 86 मोबाइल को ट्रैस कर लोकेशन मिलते ही टीम उसे रिकवर की थी। इसके बाद जिनके मोबाइल थे उन्हेें वापस किया था। गुम मोबाइल को वापस ट्रेस कर उसे धारकों को वापस दिलाने में साइबर प्रभारी संजय सिंह राजपूत, सउनि विकास शर्मा, प्रकाश नंद, प्रआर श्रवण कुमार दास, मिनेश सिंह ध्रुव, आरक्षक चम्पलेश सिंह ठाकुर, रवि यादव, अजय जांगड़े का सहयोग रहा। जानकारी के अनुसार 200 और मोबाइल हंै जिसे ट्रेसिंग में डाला गया है। इस मोबाइल को भी वापस दिलाने में टीम लगी हुई है। जैसे ही इन मोबाइलों का लोकेशन मिलेगा,

टीम कार्रवाई कर उसे रिकवर करेगी। टीम लगातार धारकों के द्वारा आ रही शिकायतों की दूर करने में लगी हुई है।


अन्य पोस्ट