महासमुन्द
अब हर मंगलवार को विशेष ओपीडी का आयोजन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,16 फरवरी । महासमुंद मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कल मंगलवार से नवजातों को होने वाली क्लब फुट (बच्चों के पैरों के टढ़े-मेढ़े पंजों और एडिय़ों) का इलाज शुरू हो गया है। अब से हर मंगलवार को अस्पताल की ओपीडी में क्लब फुट क्लीनिक का विशेष आयोजन किया जाएगा। इससे पहले तक इसके उपचार के लिए नवजातों के माता.पिता को राजधानी के मेकाहारा या फिर निजी अस्पतालों में जाना पड़ता था, जहां से सालों-साल इसके उपचार को निरंतर जारी रखना भी लोगों के लिए मुश्किल होता था। मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में अब इस इलाज के शुरू होने से जिलेभर के नवजात, जो इस समस्या से पीडि़त हैं उन्हें अन्य स्थानों पर जाने की जरूरत नहीं होगी।
बच्चों के क्लब फुट का उपचार मंगलवार कल 15 फरवरी से अस्पताल में शुरू किया गया। इनमें से दो बच्चे बागबाहरा ब्लॉक के हैं और दो बच्चे महासमुंद ब्लॉक के हैं। बागबाहरा से बच्चे का इलाज कराने पहुंची माताओं ने बताया कि इसके इलाज के संबंध में चिरायु संस्था ने इसकी जानकारी दी थी, जिसके बाद यहां चिकित्सक के पास पहुंचे और बच्चों का इलाज करवाया। वहीं मंगलवार को पहली बार इलाज करवाने वाले बच्चों से स्वयं कॉलेज के डीन डॉ.पीके निगम और अस्पताल अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने मुलाकात की और इलाज के संबंध में जागरूक किया।
जानकारी के मुताबिक इसके इलाज के समय ही साल भर से अधिक होता है। ऐसे में निजी अस्पताल से इलाज कराने में ही लाखों रुपए का खर्च हो जाता है। इसका इलाज अब शासकीय मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में होने से लोगों को लाभ होगा। अस्पताल अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने बताया कि 156 फरवरी से शुरू हुए क्लब फुट के उपचार के लिए अगले सप्ताह के लिए भी पालकों ने अपाइंटमेंट लिया है। अब हर मंगलवार को इसके लिए विशेष ओपीडी का आयोजन किया जाएगा। लोगों को जागरूक करेंगे। डीन डा. पीके निगम ने कहते हैं कि जिला अस्पताल के अधिग्रहण के बाद से ही हम अस्पताल में अधिक सुविधाएं प्रदान करने कार्य कर रहे हैं। फुट क्लब का इलाज अब यहीं होने से पालकों को निजी अस्पतालों के आर्थिक बोझ या फिर बड़े शहरों की यात्रा नहीं करनी होगी।
मालूम हो कि क्लब फुट का इलाज इससे पहले तक जिला अस्पताल में एक्सपर्टीज के नहीं होने के कारण नहीं हो पाता था। इसकी इलाज लगभग डेढ़ से दो साल तक निरंतर चलता रहता है, तब जाकर बच्चे अपनी सही आयु के साथ अच्छे से चलने फिरने लगते हैं।
अस्पताल के डॉ. रजत बताते हैं कि इसके उपचार का प्रोसेस सालभर से अधिक चलता है और इसे पूरा करना होता है। आधे इलाज के बाद यदि इसे बीच में ही छोड़ दिया जाए, तो यह वापस से अपने पुराने स्वरूप में आने लगता है। जिसके बाद इसे ठीक करने के लिए मेजर सर्जरी करनी पड़ती है। अधिकांश पालकों को इस संबंध में जानकारी नहीं हो पाती है। इसलिए अब मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में हर मंगलवार को ओपीडी में विशेष क्लब फुट क्लीनिक का आयोजन किया जाएगा।
मेडिकल कॉलेज के आर्थोपेडिक्स के एक्सपर्ट डॉ. रजत बंछोर ने बताया कि क्लब फुट के इलाज में मरीज बच्चों को लगभग 5.6बार प्लास्टर बदलना होता है। हर प्लास्टर में पैर के एक-एक कड़ी को ठीक करते हुए प्लास्टर लगाया जाता है। इसकी संख्या मरीज की स्थिति के अनुसार भी तय होती है। अंत में एक माइनर ऑपरेशन किया जाता है, जिसमें एंड़ी के पिछले हिस्से के एक धागे जैसी संरचना होती है, जिसे थोड़ा सा काटा जाता है। सालभर तक विशेष जूते पहनने पड़ते हैं।
मालूम हो कि क्लब फुट को ऑर्थोपेडिक्स की भाषा में सीटीईवी के नाम के जाना जाता है। इसमें जन्म के साथ ही बच्चे के पैर की एंड़ी और पंजे टेढ़े होते हैं। यदि इसका इलाज शुरुआती दिनों से ही शुरू नहीं किया गया, तो बड़े होकर बच्चों को चलने में समस्या आ जाती है। वहीं इसका इलाज जन्म के पहले सप्ताह से ही शुरू करने से बच्चों के पैर ठीक होने की पूरी संभावना रहती है। अधिकतम पांच साल की आयु तक इसका उपचार शुरू करने से भी पैर के ठीक हो जाते हैं।
लेकिन बड़ी उम्र में इसका इलाज कराने से मेजर ऑपरेशन की जरूरत होती है औऱ पूरी तरह से ठीक होने की संभावनाएं भी कम रहती है।