महासमुन्द

वल्लभाचार्य में 7 दिनी जुम्बा प्रशिक्षण शुरू
15-Feb-2022 3:41 PM
वल्लभाचार्य में 7 दिनी जुम्बा प्रशिक्षण शुरू

महासमुंद,15 फरवरी। शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय मे प्राचार्य डाण् ज्योति पांडेय के निर्देशानुसार 14 फरवरी से 19 फरवरी सुबह नौ से 10 बजे तक सात दिवसीय योग एवं जुंबा प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य डा. ज्योति पांडेय ने किया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य एवं रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि करना है। प्रशिक्षण का आयोजन महाविद्यालय के एनएसएस,एनसीसी, योग विभाग, क्रीडा विभाग के विद्यार्थियों के लिए किया जा रहा है।

प्रभारी प्राचार्य डा.ईपी चेलक ने योग के साथ-साथ आयुर्वेदिक औषधि के रूप में हर्बल प्लांट के उपयोगिता के बारे में विस्तृत जानकारी दी। वरिष्ठ प्राध्यापक डा. जया ठाकुर ने बताया कि योग को अपने शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए जीवन शैली के रूप में अपनाया जा सकता है। शारीरिक स्तर पर योग बल, सहनशक्ति, क्षमता और उच्च ऊर्जा के विकास में मदद करता है।

डा.  दुर्गावती भारतीय ने बताया कि योग स्वस्थ जीवन जीने का एक तरीका है, जिसका उद्भव भारत में हुआ है। अब इसे विश्व भर में विज्ञान की एक शैली के रूप में स्वीकार कर लिया गया है। योग प्रशिक्षक सत्यनारायण दुर्गा ने पवनमुक्तासन भाग एक का अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि यह अभ्यास प्रत्येक आयु वर्ग के व्यक्ति आसानी से कर सकते हैं। इसके लाभ में बताया कि यह अभ्यास वात संबंधी दोषों का निवारण करता है। क्रीड़ा अधिकारी दिलीप लहरे ने जुम्बा का अभ्यास कराते हुए कहा कि प्रतिदिन जुम्बा डांस तनाव कम करने में भी सहायक है। कार्यक्रम का संचालन राजेश शर्मा ने किया।


अन्य पोस्ट