महासमुन्द

माघी पुन्नी मेला में दिशा नाट्य मंच लेडग़ा अउ डेडगा के बोझा का होगा मंचन
15-Feb-2022 3:26 PM
माघी पुन्नी मेला में दिशा नाट्य मंच लेडग़ा अउ डेडगा के बोझा का होगा मंचन

सिरपुर महोत्सव की तैयारियां शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,15 फरवरी।
दो दिवसीय सिरपुर महोत्सव का आयोजन 16 व परसों 17 फरवरी को सिरपुर में आयोजित है। पहले दिन कार्यक्रम का शुभारंभ संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री अमरजीत भगत करेंगे। वहीं 17 फरवरी को कार्यक्रम के समापन में गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। माघ पुन्नी में आयोजित होने वाले इस महोत्सव को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। कल सोमवार को कलेक्टर निलेश कुमार क्षीरसागर ने सिरपुर में महोत्सव की तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार सिरपुर महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर 16 फरवरी को सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। ग्राम मुडिय़ाडीह के स्थानीय कलाकारों द्वारा सत्य के विरासत पंथी नृत्य की प्रस्तुति से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। इसके साथ ही महासमुंद के दिशा नाट्य मंच द्वारा लेडग़ा अउ डेडगा के बोझा नाटक का मंचन किया जाएगा। इसी तरह लहंगर के स्थानीय कलाकारों की ओर से कृष्ण बलराम राऊत नाचा, खट्टी के स्थानीय कलाकारों की ओर से कर्मा नृत्य,एकल कत्थक नृत्य आनंदिता तिवारी द्वारा और लोक छाया रायपुर की भी प्रस्तुति होगी।

इसी क्रम में 17 फरवरी को सिरपुर महोत्सव के समापन पर पचरी के जय सतनाम पंथी पार्टी के स्थानीय कलाकारों द्वारा पंथी नृत्य, नांदबारू सिरपुर के कलाकारों की ओर से जय गौरा गौरी सुआ नृत्य, बसना के ग्राम बिलखंड के फुलझरिया कर्मा पार्टी की ओर से कर्मा नृत्य, महासमुंद के दिशा नाट्य मंच द्वारा नाटक, आर्या नंदे की ओर से ओडिसी एकल नृत्य और अनुज शर्मा नाइट की आकर्षक प्रस्तुति होगी।

इस दौरान कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि लोकसभा क्षेत्र महासमुंद के सांसद चुन्नीलाल साहू, संसदीय सचिव एवं महासमुंद विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर, संसदीय सचिव एवं खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव, वन विकास निगम के अध्यक्ष एवं बसना विधायक देवेंद्र बहादुर सिंह, अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष एवं सरायपाली विधायक किस्मतलाल नंद, छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष अग्नि चंद्राकर, जिला पंचायत अध्यक्ष उषा पटेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण पटेल, जनपद पंचायत अध्यक्ष यतेन्द्र साहू एवं ग्राम पंचायत सिरपुर के सरपंच ललित ध्रुव के अलावा क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, नागरिक उपस्थित रहेंगे।


अन्य पोस्ट