महासमुन्द

अलग-अलग सडक़ दुर्घटनाओं में 3 की मौत
15-Feb-2022 3:21 PM
अलग-अलग सडक़ दुर्घटनाओं में 3 की मौत

मृतकों में वेडनर स्कूल का छात्र भी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,15 फरवरी।
जिले के कोतवाली और कोमाखान थाना क्षेत्र में तीन अलग-अलग सडक़ दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत हुई है। पहली घटना महासमुंद कोतवाली थाना क्षेत्र की है, जहां एक 60 वर्षीय व्यक्ति की सडक़ दुर्घटना में मौत हो गई। इसी तरह कोतवाली क्षेत्र में ही एक 17 वर्षीय युवक और कोमाखान थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर की टक्कर से ओडिशा निवासी एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने तीनों ही मामलों में मर्ग जांच के बाद अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।

कोतवाली से मिली जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के अयोध्या नगर वार्ड क्रमांक 4 निवासी दीपांशु भोजवानी पिता संजय कुमार भोजवानी 17 साल की मौत हो गई। दीपांशु वेडनर स्कूल में कक्षा 11 वीं का छात्र था। घटना 12 फरवरी रात 9.30 बजे के आसपास की है। दीपांशु अपने दोस्त रवि साहू के साथ सीजी 17 बीएल 4099 से जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही अज्ञात कार के चालक ने उसे टक्कर मार दी। गंभीर चोट आने के कारण दीपांशु की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रवि के पैर में चोट लगी है। पुलिस ने मर्ग जांच के बाद अज्ञात कार चालक के खिलाफ  मामला दर्ज किया है।

इसी तरह कोतवाली थाना क्षेत्र में एनएच 353 में लभरा खुर्द के पास बिना संकेतक के सडक़ मरम्मत में लगे अज्ञात रोड रोलर से टकराने से आरंग निवासी बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना 9 जनवरी की बताई जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच की। जांच उपरांत सोमवार को अज्ञात रोड रोलर के चालक के खिलाफ मामला पंजीबद्ध किया है। जानकारी के अनुसार आरंग थाना क्षेत्र के ग्राम बेनीडीह निवासी दुकालु राम सिन्हा पिता रामदास सिन्हा (60) छट्ठी कार्यक्रम में शामिल होने खल्लारी थाना क्षेत्र के ग्राम चरौदा गए थे। वहां से वापस लौटते समय लभरा खुर्द के पास एनएच.353 में रोड मरम्मत कार्य में लगे अज्ञात रोड रोलर का चालक लापरवाहीपूर्वक बिना संकेतक लाइट जलाए रोड में कार्य कर रहा था। इससे टकराने से दुकालु की बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
कोमाखान थाना क्षेत्र में ग्राम बाघामुड़ा सोसायटी के पास सडक़ दुर्घटना में ओडिशा के एक युवक की मौत हो गई। वहीं सवार दूसरा युवक घायल हो गया। दोनों अपने-अपने जीजा से मिलने कोमाखान आए थे। घटना 12 फरवरी रात 8 बजे की बताई जा रही है।

दुर्घटना में घायल युवक महेश सतनामी पिता दशरू निवासी ग्राम भलेसर थाना बेलटुकरी जिला नुआपाड़ा ओडिशा ने बताया कि वह अपने दोस्त योगेश बंजारे के साथ मोपेड क्रमांक सीजी 06 जीयू 5322 में अपने.अपने जीजा से मिलने आए थे। दोनों जब वापस जा रहे थे, इसी दौरान सोसायटी के सामने बाघामुड़ा की ओर से आ रहे हरे रंग के ट्रैक्टर ने मोपेड को सामने से टक्कर मार दी। इससे दानों जमीन पर गिर गए। मोपेड योगेश चला रहा था और उसके सिर में गंभीर चोट आई। वहीं महेश के हाथ और घुटने में चोट आई। आस-पास के लोगों उन्हें अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान योगेश की मौत हो गई।
 


अन्य पोस्ट