महासमुन्द
नालेे की रेत में दफनाया था
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 15 फरवरी। ग्राम चारभांठा-डुमरपाली बीच स्थित कंतरा नाले में रेत के नीचे मिले अधेड़ के शव मामले में पुलिस ने कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी ग्राम डूमरपाली थाना राजादेवरी के निवासी हैं। इसमें परस यादव (40), गुड्डू निषाद (42) , चमरू जगत (37), परमेश्वर जगत (33), राजकुमार बरिहा (33) व अमृत लाल यादव (58)शामिल हैं। इनका एक साथी दीपक खडिय़ा फरार है, जिसकी खोजबीन पुलिस कर रही है। आरोपियों ने बताया कि जंगली जानवरों के शिकार के लिए लगाए फंदे के करंट में आते ही बिसीकेशन की मौत हुई थी। यह देखकर मौके पर मौजूद एक व्यक्ति फरार हो गया और 6 लोगों ने मिलकर मामले को दबाने के लिए पहले मृतक बिसीकेशन के गमछे के दो टुकड़े किए और फिर उसी से उसके हाथ और पैर को अलग-अलग बांध दिया। इसके बाद लकड़ी के सहारे मौके से लेकर उसे दो किमी दूर कंतरा नाला पहुंचे। सभी ने मिलकर नाले के रेत में गढ्डा किया और बिसीकेशन के शव को उसी रात रेत में दफना कर वापस गांव चले गए।
मालूम हो कि सांकरा थाना क्षेत्र के ग्राम चारभांठा और डुमरपाली के बीच स्थित कंतरा नाला में रेत के नीचे एक अधेड़ की लाश मिली थी। मामले में कार्रवाई करते पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं एक अन्य आरोपी अब भी फरार है जिसकी तलाश की जा रही है। जिला पुलिस अधीक्षक शुक्ला के मुताबिक अधेड़ की मौत 26 जनवरी की रात को शिकारियों द्वारा बिछाए गए करंट की चपेट में आने हुई थी। उसकी मौत के बाद शिकारियों ने शव को कंतरा नाला में रेत के नीचे दफन कर दिया था। परसों रविवार को डूमरपाली के कुछ ग्रामीणों ने नाला में कंकाल देखने के बाद पुलिस को इसकी सूचना दी, तब जाकर मामले का खुलासा हुआ। मृतक की पहचान बलौदाबाजार जिले के राजादेवरी थाना क्षेत्र के ग्राम डूमरपाली निवासी बिसीकेशन खडिय़ा पिता सीताराम खडिय़ा 52 साल के रूप में हुई।
सांकरा थाना प्रभारी वीणा यादव ने बताया कि रविवार को कंतरा नाले में डूमरपाली के कुछ ग्रामीणों ने मानव अवशेष देखा। इसकी सूचना राजादेवरी थाने में दी गई। जहां कंकाल देखा गया था वह इलाका सांकरा थाना क्षेत्र में आता है। इसके बाद ग्रामीण सांकरा पहुंचे और पुलिस को इसकी जानकारी दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस की मौजूदगी में कंकाल वाले स्थान से रेत को हटाया गया तो वहां एक अधेड़ का शव मिला।
शव के पास ही एक जूता रखा हुआ था, जिसे वहां मौजूद सूरज खडिय़ा नामक युवक ने पहचान लिया और बताया कि यह उसके पिता का जूता है, जो 26 जनवरी की रात से लापता है। सूरज ने बताया कि 6 फरवरी को राजादेवरी थाने में बिसीकेशन के गुम होने के संबंध में गुम इंसान दर्ज कराया गया था। मृतक की पहचान के तत्काल बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और कल सोमवार को मामले में लिप्त 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों ने जंगली जानवरों के शिकार के लिए बिजली करंट प्रवाहित करते तार का फंदा लगाया था। उक्त फंदे फंदे में अचानक फंसकर बिसीकेशन की मौत हो गई।


