महासमुन्द
पहली पाली में पर्चा कठिन देख दूसरी पाली में अनुपस्थित रहे 28 परीक्षार्थी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 14 फरवरी। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की प्रारंभिक परीक्षा रविवार को दो पालियों में आहुत हुई। इस परीक्षा के लिए महासमुंद जिला मुख्यालय में 14 केंद्र बनाए गए थे। दो पालियों में ली में आयोजित पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 से 12 बजे एवं दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 3 से 5 बजे तक हुई। पहला पर्चा सामान्य अध्ययन से संबंधित था और दूसरा सी सैट था। पहले ही पर्चे में परीक्षार्थी काफी परेशान हुए। परीक्षा के लिए कुल 3854 ने पंजीयन कराया था।
कल पहली पाली में 19.71 फीसदी व दूसरी पाली में 20.44 फीसदी ने परीक्षा छोड़ दी। इस वर्ष आयोजित सीजीपीएससी की परीक्षा में छत्तीसगढ़ी मुहावरों के साथ ही स्थानीय प्रचलित शब्दों के मतलब भी पूछे गए थे। जीएस में कई सवाल ऐसे थे, जिन्होंने परीक्षार्थियों को खासा परेशान किया। वहीं सी सैट में एप्टीट्यूड से संबंधित सवालों ने भी परीक्षार्थियों को उलझाया। पर्चा कठिन होने के कारण ही पहली पाली में परीक्षा देने के बाद दूसरी पाली में 28 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा में कुछ रोचक छत्तीसगढ़ी प्रश्न भी पूछे गए। जैसे- छत्तीसगढ़ी में बरदी का मतलब क्या है? इसका सही जवाब है मवेशियों का झुंड। इसी प्रकार छत्तीसगढ़ी में पूछे गए अन्य प्रश्न हैं-छत्तीसगढ़ी में ढ़ेरियाना का क्या मतलब है, गांठ शब्द की उत्पत्ति कहां से हुई है, लठर लईया का क्या मतलब, अनुभवी होने के लिए छत्तीसगढ़ी में क्या मुहावरा है, आदि।
सीजी पीएससी परीक्षा के नोडल अधिकारी डिप्टी कलेक्टर एसके टंडन से मिली जानकारी के मुताबिक इस परीक्षा के लिए कुल 3854 परीक्षार्थियों ने पंजीयन कराया था। पहली पाली में 3094 उपस्थित थे, वहीं 760 अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली की परीक्षा में 788 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे और 3066 ने परीक्षा दी।
जानकारी के मुताबिक पीएससी के लिए दूसरी पाली की सीसैट परीक्षा क्वालीफायर होती है। मतलब इस परीक्षा में शामिल होना अनिवार्य होता है। वहीं पहली पाली में जीएस से संबंधित परीक्षा के अंकों के आधार पर ही मेरिट सूची तैयार की जाती है। दोनों पालियों की परीक्षा में 100 सवाल पूछे गए थे। प्रत्येक सवाल 2 अंक के थे। सीजी पीएससी की परीक्षा देने वालों के मुताबिक पहली पाली में हिंदी और दूसरी पाली में रीजनिंग के सवालों ने परीक्षार्थियों को खूब छकाया।
परीक्षाथियों के मुताबिक इस बार पूछे गए सवाल काफी उच्चस्तरीय रहे। यही कारण है कि इस बार कटऑफ काफी नीचे जा सकता है। परीक्षार्थी एक ही प्रश्न में काफी देर तक उलझे रहे। काव्यांश और रचनाओं का समावेश पहली बार देखने को मिला। जनउला से संबंधित सवालों की संख्या काफी अधिक रही। ये पर्चा उनके लिए ठीक रहा, जिन्होंने अच्छी मेहनत और पूरी तैयारी के साथ परीक्षा दी है। परीक्षा 2020 से भी कठिन थी।