महासमुन्द
हर दिन 1 लाख क्विंटल उठाव करने पर ही होगा लक्ष्य पूरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 13 फरवरी। खरीफ वर्ष 2021.22 में हुई धान खरीदी के बाद अब धान के उठाव की तैयारियां जोर-शोर से जारी है। परसों शुक्रवार को मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने उठाव के संबंध में बैठक लेकर समितियों में रखे धान को 15 मार्च तक उठाव करने के लिए निर्देश दिए हैं। वहीं प्रति सप्ताह भौतिक सत्यापन के संबंध में भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने निर्धारित समय तक शत प्रतिशत उठाव करने को कहा है। नान व एफसीआई में चावल जमा करने की रफ्तार को बढ़ाने को कहा है। बैठक के बाद उठाव की रफ्तार तेज हो गई है। शनिवार को मिलर्स ने करीब 1 लाख 11 हजार क्विंटल के धान का उठाव उपार्जन केंद्र से किया है। वहीं संग्रहण केंद्र में 23 हजार क्विंटल धान भेजा है।
उठाव के संबंध में डीएमओ जयदेव सोनी ने मीडिया को बताया है कि उठाव की स्पीड बढ़ रही है। अब प्रतिदिन एक लाख क्विंटल से अधिक के धान का उठाव होगा। लोकल मिलर्स के साथ शुक्रवार से जांजगीर व धमतरी के मिलर्स भी धान का उठाव मिलिंग के लिए कर रहे हैं। 7 लाख क्विंटल का उठाव जांजगीर व 2 लाख का उठाव धमतरी के मिलर्स करेंगे। उन्होंने कहा है कि निर्धारित समय पर पूर धान का उठाव हो जाएगा।
समिति प्रबंधकों के जिलाध्यक्ष जयप्रकाश साहू ने बताया कि समर्थन मूल्य पर धान कि खरीदी के बाद उपार्जन केंद्रों से धान का उठाव समय पर नहीं होने के कारण सोसाइटियों में रखे धान में सूखत आना शुरू हो गया है। इससे समिति प्रबंधकों सहित संचालक मंडल सदस्य चिंतित हैं। यदि माह के अंत तक या मार्च के पहले सप्ताह तक धान का उठाव नहीं हुआ तो सोसाइटियों को ही नुकसान उठाना पड़ेगा।
मालूम हो कि उपार्जन केंद्रों से धान का उठाव मिलर्स कर रहे हैं। धान की मिलिंग के बाद नागरिक आपूर्ति निगम व एफसीआई में चावल जमा कर रहे हैं। अभी तक मिलर्स ने नागरिक आपूर्ति निगम में 28 हजार 242 क्विंटल चावल व एफसीआई में 11 लाख 71 हजार क्विंटल चावल जमा किए हैं। इस बार 97 हजार क्विंटल चावल नागरिक आपूर्ति निगम व 44 लाख क्विंटल चावल जमा करने का लक्ष्य महासमुंद को मिला है।