महासमुन्द
तुमगांव से छट्ठी कार्यक्रम में जा रहे थे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 12 फरवरी। यात्रियों से भरी तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना में पिकअप सवार 20 से अधिक लोग घायल हैं। घायलों में से 9 की हालत गंभीर है, जिन्हें महासमुंद स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं शेष का उपचार बागबाहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। दुर्घटना के बाद मौके से गुजर रहे लोगों ने सूचना पुलिस और एंबुलेंस को दी। घटना कोमाखान थाना क्षेत्र में ग्राम परकोम से डेढ़ किमी पहले की है। बहरहाल सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचा दिया गया है। मामले में खबर आज अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है।
कोमाखान थाना प्रभारी सिद्धेश्वर सिंह ने बताया कि शुक्रवार दोपहर पिकअप क्रमांक सीजी 06 बी 0991 में तुमगांव से एक परिवार छठ्ठी कार्यक्रम में शामिल होने ग्राम परकोम जा रहा था। पिकअप तेज गति से चल रही थी। परकोम से करीब डेढ़ किमी पहले मोड़ के पास चालक तेज रफ्तार वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इससे गाड़ी सडक़ किनारे जाकर पलट गई। पिकअप में 20 से अधिक लोग सवार थे। सभी को चोटें आईं। 9 की हालत गंभीर बताई जा रही है। वाहन चालक मौके से फरार हो गया है। घटना की सूचना मिलते ही बागबाहरा एसडीएम राकेश गोलछा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। यहां उन्होंने घायलों से मुलाकात की और चिकित्सकों से चर्चा कर उचित इलाज के निर्देश दिए। इस घटना में गंभीर रूप से घायलों में उमेश्वरी पत्नी दुर्गेश 40 साल, रामबाई 50, बिसाहिन 50, मयंक, गोविंद 46, नंदनी 34, सुमित्रा 60, निरंजन 50 और दौलतराम 55 साल शामिल हैं। इन्हें महासमुंद स्थित मेडिकल अस्पताल रेफर किया गया था जहां इनका इलाज जारी है।