महासमुन्द

कर्ज से परेशान युवक ने खुद के अपहरण की कहानी बनाई, पत्नी से मंगाए 2 लाख
12-Feb-2022 4:13 PM
कर्ज से परेशान युवक ने खुद के अपहरण की कहानी बनाई, पत्नी से मंगाए 2 लाख

झूठी सूचना देने के मामले में हिरासत में

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 12 फरवरी।
कर्ज और पारिवारिक विवाद से परेशान एक युवक ने खुद का अपहरण कर पहले गायब हुआ और फि र अपने ही नंबर से पत्नी को फोन कर अपहरण की जानकारी दी। युवक ने पत्नी से कहा ..जल्द से जल्द 2 लाख रुपए लेकर आओ और मुझे बचा लो। नहीं तो ये लोग मुझे मार डालेंगे। पति के अपहरण की बात सुनकर डरी सहमी पत्नी कोटवार के साथ सीधे थाने पहुंची और मामले की जानकारी दी। पुलिस ने तत्काल मामले की जांच की तो अपहरण की पूरी कहानी ही फर्जी निकली। मामला बसना थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने युवक के खिलाफ  झूठी सूचना देने के मामले में कार्रवाई की है। साथ ही उसके खिलाफ धारा 151 के तहत भी कार्रवाई की गई है। आरोपी युवक का कहना है कि यह सब कर्ज और पारिवारिक विवाद से परेशान होकर किया।

मिली जानकारी के अनुसार मामला 8 फरवरी का है। बसना थाना क्षेत्र के ग्राम बरबसपुर निवासी प्रदीप भोई 39 साल पिता पवित्र भोई ने दोपहर 2 बजे अपनी पत्नी को खुद के मोबाइल से ही फोन किया। फोन पर उसने बताया कि पिरदा मोड़ के पास पुलिस जैसी वर्दी पहने दो लोगों ने उसे रोका और आगे छोडऩे की बात कही। कुछ दूरी पर जाकर दोनों ने उसके साथ मारपीट करने लगे और जंगल में ले आए हैं। प्रदीप ने अपनी पत्नी को बताया कि दोनों ने उसे खूब मारा है और हाथ पैर बांध दिए हैं। ये लोग 2 लाख रुपए की मांग कर रहे हैं। जल्द से जल्द मुझे बचा लो।

शिकायत मिलते ही जिले के एसपी ने थाने के साथ साइबर सेल की टीम को भी अलर्ट किया। साइबर सेल तकनीकी रूप से थाने की टीम को मदद कर रही थी। इसी दौरान बसना पुलिस को पता चला कि जिस वक्त की घटना बताई जा रही है, उसके बाद भी प्रदीप को बसना के आसपास देखा गया है। इसके बाद पुलिस की टीम ने शाम 7 बजे कथित रूप से अपहरण किए गए प्रदीप भोई को रिकवर कर लिया। पुलिस की सुरक्षा में आने के बाद भी प्रदीप अपहरण की कहानी को सही बताता रहा। इसके बाद पुलिस की टीम घटना स्थल पहुंची और सीन को रीक्रिएट करने की कोशिश की।

इस दौरान प्रदीप बार-बार अपने बयान बदलने लगा। पुलिस ने जब कड़ाई से पूछताछ की तो उसने झूठे अपहरण की कहानी गढऩे की बात स्वीकार की। उसने बताया कि वह कर्ज में है और पारिवारिक विवाद के चलते काफी परेशान रहता है। इसलिए अपहरण की झूठी कहानी बनाई। इस मामले में पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला ने कहा कि कोई भी पुलिस को गुमराह नहीं करें। क्योंकि झूठ ज्यादा देर तक नहीं टिकता और सच सामने आ जाता है। उन्होंने बताया कि युवक कर्ज व अन्य वजहों से परेशान था, इसलिए उसने झूठे अपहरण की कहानी बनाई थी। उसके खिलाफ कार्रवाई की गई है।

पति प्रदीप भोई के अपहरण की सूचना मिलते ही उसकी पत्नी ने मामले की जानकारी गांव के कोटवार को दी और दोनों बसना थाने पहुंचे। थाना क्षेत्र में अपहरण होने की सूचना मिलते ही मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक सहित आला अधिकारियों को दी गई। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और पूरे जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया। पुलिस की टीम ने सभी थाना क्षेत्रों में नाकेबंदी कर वाहनों की जांच भी शुरू कर दी। शाम होते-होते प्रदीप का मोबाइल नंबर भी बंद हो गया था।


अन्य पोस्ट