महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 12 फरवरी । छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग रायपुर द्वारा राज्य लोक सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2021 रविवार 13 फरवरी को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। इसमें प्रथम पाली प्रात: 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और द्वितीय पाली दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक होगी।
कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर ने परीक्षा के सुचारू व निर्विघ्न रूप से संचालन के लिए डिप्टी कलेक्टर एसके टंडन को संपूर्ण परीक्षा अवधि के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। इसी प्रकार सहायक अधीक्षक भू.अभिलेख लवन कुमार मंडन सहायक नोडल अधिकारी व सहायक प्राध्यापक वाणिज्य अजय कुमार राजा को सहायक परीक्षा प्रभारी अधिकारी के तौर पर अधिकृत किया है।
सभी केंद्र जिला मुख्यालय में ही नोडल अधिकारी एसके टंडन ने बताया कि लोक सेवा प्रारंभिक परीक्षा के लिए जिले में 14 केंद्र बनाए गए हैं। इसमें 3854 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इनमें शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य कॉलेजए मचेवा में 450 परीक्षार्थी, माता कर्मा कन्या कॉलेज मचेवा में 200, सरकारी आदर्श उच्चतर माध्यमिक स्कूल महासमुंद व शासकीय आशी बाई गोलछा आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक स्कूल महासमुंद में 350-350 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
इसी प्रकार जिला शिक्षा व प्रशिक्षण संस्थान महासमुंद में 200, शासकीय डीएमएस स्कूल मेें 200, शिशु संस्कार केंद्र उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 300, वेडनर मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 470, शांत्रि बाई कला वाणिज्य एवं विज्ञान महाविद्यालय में 250, छत्तीसगढ़ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 200 परीक्षार्थी परीक्षा में बैठेंगे। इसी प्रकार सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 250, महर्षि विद्या मंदिर मचेवा में 250, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेलसोंडा में 200 व इंडियन कॉलेज ऑफ एजुकेशन बेलसोंडा में 184 परीक्षार्थियों के लिए बैठक व्यवस्था की गई है। कलेक्टर के निर्देश पर नोडल अधिकारी एसके टण्डन ने शुक्रवार को जिला कार्यालय के महानदी सभाकक्ष में केंद्राध्यक्षों की बैठक लेकर लोक सेवा आयोग परीक्षा निर्बाध सफलतापूर्वक सम्पादित कराए जाने के लिए आयोग से प्राप्त आवश्यक दिशा.निर्देश की जानकारी दी।


