महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,11 फरवरी। आज शाम छट्ठी में शामिल होने जा रहे ग्रामीणों की पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। कोमाखान पुलिस के मुताबिक इस दुर्घटना में पिकअप सवार 21 लोग घायल हुए हैं। घायलों में 8 लोगों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी मिली है कि महासमुंद के अछरीडीह से महिलाओं, बच्चों, पुरुषों समेत लगभग 30 लोग परकोम गांव में रिश्तेदार के घर आयोजित छट्ठी कार्यक्रम में शामिल होने पिकअप से जा रहे थे, तभी शाम चार बजे बागबाहरा ब्लॉक के कोमाखान क्षेत्र के परकोम मोड़ के पास पिकअप पलट गई। हादसे में पिकअप में सवार 21 लोग घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा लाया गया। घायलों में से 8 लोग गंभीर हैं, जिन्हें महासमुंद जिला अस्पताल में भर्ती किया जा रहा है।
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही बागबाहरा एसडीएम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे थे। उन्होंने घायलों की हालचाल जाना और स्वास्थ्य अमले को बेहतर उपचार के निर्देश भी दिए हैं। इस घटना में घायल और गंभीर लोगों के साथ साथ वाहन चालक आदि के बारे में पुलिस ने अभी कुछ भी जानकारी नहीं दी है।