महासमुन्द
मामले की जानकारी लेकर पड़ताल की जाएगी- युकां जिलाध्यक्ष
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11 फरवरी। वन विकास निगम की टीम ने गुरूवार को ग्राम कोलपदर स्थित युवा कांग्रेस के विधानसभा अध्यक्ष के घर में छापामार कार्रवाई करते हुए सागौन का चिरान और लट्ठा जब्त किया है। जब्त लकडिय़ों की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपए आंकी गई है। यह छापामार कार्रवाई बार परिक्षेत्र के वन विकास निगम की ओर से की गई है। बताया जा रहा है कि युवक ने जंगलों से लकड़ी लाकर अपने घर में छिपाया था। मिली जानकारी के अनुसार वन विकास निगम के अफसरों को लंबे समय से क्षेत्र में अवैध कटाई की सूचना मिल रही थी। इस पर वन विकास निगम टीम ने गुरूवार को ग्राम कोलपदर पहुंचकर विवेक पटेल के घर छापा मारा।
टीम को तलाशी में विवेक के घर से बड़ी मात्रा में सागौन के 150 चिरान और 10 लट्ठा जब्त किए गए। उक्त मकान पूर्व सरपंच सिरपुर और वर्तमान में युवा कांग्रेस के महासमुंद विधानसभा अध्यक्ष विवेक पटेल का बताया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ काष्ठ चिरान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
युवा कांग्रेस के विधानसभा अध्यक्ष के घर में छापामार कार्रवाई के दौरान सागौन लकड़ी जब्त होने के मामले में युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अमन चंद्राकर ने कहा कि यदि ऐसा है, तो गलत है। फिर भी पहले इस मामले की जानकारी लेकर पूरी तरह से पड़ताल की जाएगी। यदि विवेक पटेल की संलिप्तता मामले में पाई जाती है तो संगठन की ओर से उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मालूम हो कि कुछ दिन पहले ग्राम पंचायत सिरपुर में सिरपुर चौकी का घेराव भी हुआ था। पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने थाने का घेराव किया था। जानकारी के अनुसार युवा कांग्रेस नेता विवेक पटेल ने रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन के मामले में सिरपुर के सरपंच को ट्रक से कुचलकर मारने की धमकी दी थी। इसके बाद ग्रामीण खासे आक्रोशित थे। इसी मामले को लेकर पूर्व विधायक डा. विमल चोपड़ा, सरपंच सहित ग्रामीणों ने 28 जनवरी को सिरपुर चौकी का घेराव किया था साथ ही विवेक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए गिरफ्तारी की मांग की थी।