महासमुन्द

वैराग्य लेने जा रहे संयम के लिए मां ने लिखा- एक दिन मैं भी संयम मार्ग पर आऊंगी
09-Feb-2022 4:27 PM
वैराग्य लेने जा रहे संयम के लिए मां ने लिखा- एक दिन मैं भी संयम मार्ग पर आऊंगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 फरवरी ।
महासमुंद में 10 फरवरी को चार मुमुक्षु सांसारिक मोह त्यागकर वैराग्य का जीवन धारण करने वाले हैं। इसके लिए तीन दिनी दीक्षा महोत्सव की शुरुआत मंगलवार से हो चुकी है। दीक्षा महोत्सव के तहत आज दूसरे दिन बुधवार 9 फरवरी को सुबह 8.30 बजे भव्य वर्षीदान वरघोड़ा के बाद धर्मसभा, दोपहर 12 बजे से स्वामी वात्सल्य, दोपहर में शक्रस्तव महाभिषेक, शाम 5 बजे से नवकारसी, शाम 6 बजे मुमुक्षुओं द्वारा कुमारपाल महाराज की आरती, शाम 7 बजे विरति भावित कार्यक्रम विदाई समारोह होगा। साधु-संतों की उपस्थिति में कल पहले दिन मुमुक्षुओं की केशर छांटना सह वस्त्र लेखन, डोरा बंधन, हल्दी, मेहंदी रस्म और विरति गीत का आयोजन हुआ। तीन दिनी महोत्सव में पहले दिन बड़ी संख्या में जैन समुदाय के लोग और मुमुक्षुओं के परिजन शामिल हुए। चारों मुमुक्षुओं में से किसी ने मां को पाती लिख उसे महान कहा तो किसी ने कहा कि दीक्षा महोत्सव के शुरू होने से घंटेभर पहले तक परिजनों ने मेरे साथ इमोशनल कार्ड खेला। लेकिन वे अडिग रहे और कल से वे पूरी तरह साधु बन जाएंगे।

सांसारिक मोह त्यागकर साधु का जीवन अंगीकार करने जा रहे मुंगेली जिले के सुरगी निवासी 16 वर्षीय संयम पारख ने दीक्षा लेने के संबंध में अपनी मां के नाम बहुत ही प्रेम से पाती लिखी है। इस पाती में संयम ने अपने जन्म के समय की पीड़ा और उन्हें बड़ा करते हुए सुसंस्कार प्रदान करने का श्रेय दिया है। साथ ही लिखा है कि-आपको मेरी आत्मा से अनुराग है, तभी मुझे मोह त्यागकर संयम पथ पर जाने की स्वीकृति प्रदान की है। दूसरी ओर संयम की मां विनिता पारख ने भी अपने पुत्र को वैराग्य जीवन के लिए विदा करते हुए लिखा है..ना जाने कब तू इतना बड़ा हो गया कि संयम को वहन करने तत्पर हो गया। एक मां के लिए इससे ज्यादा गौरव क्या हो सकता है। तूने मेरे कोख की लाज रखी और उसे रोशन कर दिया। निरंतर आगे बढ़ते रहना। एक दिन मैं भी संयम के मार्ग पर जरूर आउंगी।

इसी तरह हिदायतुल्ला राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय से एलएलबी की डिग्री लेने वाले महासमुंद के 26 वर्षीय रजत चोपड़ा भी दीक्षा लेने के लिए काफी उत्साहित हैं। रजत ने बताया -मैं 10 साल पहले आचार्य जिन पीयूष सागर के संपर्क में आया। मैं हर छुट्टियों में उनके पास ही चला जाता था। वैराग्य लेने की इच्छा तो मेरे मन में सालों से रही है, लेकिन अपने आत्मविश्वास से निर्णय लेने में ही मुझे 4-5 साल का वक्त लग गया। अपने वैराग्य की बात बताने पर घर में भी स्वाभाविक था कि परिजनों ने मुझे दोबारा सोचने और पढ़ाई पूरी करने की बात कही। पढ़ाई पूरी होने के बाद फिर से मैंने अपनी बात परिवार में रखी, तब जाकर घर वालों ने मुझे स्वीकृति दी। स्वीकृति के बाद भी दीक्षा महोत्सव के शुरू होने से घंटेभर पहले तक मेरे साथ इमोशनल कार्ड खेला और दोबारा सोचने कहा गया, लेकिन मैंने संयम के मार्ग में जाने का दृढ़ निश्चय कर लिया है।

रजत के पिता महेंद्र चोपड़ा कहते हैं-हर मां बाप की तरह हमारी भी इच्छा थी कि बेटा हमारी सेवा करे, लेकिन अब वह जिन शासन की सेवा कर पूरे देश में जाना जाएगा और कुल का नाम रोशन करेगा। इससे अच्छा और क्या हो सकता है। रजत की मां भावना देवी चोपड़ा और छोटे भाई सुयश चोपड़ा हैं।

सभी चारों मुमुक्षु महासमुंद के 26 वर्षीय युवा रजत चोपड़ा, मुंगेली जिला के सुरगी निवासी 16 वर्षीय संयम पारख और महासमुंद के ही 52 वर्षीय विजय कोठारी और उनकी पत्नी 47 वर्षीय सुषमा कोठारी दीक्षा लेंगे। चारों मुमुक्षुओं को पूज्य आचार्य जिन पीयूष सागर दीक्षा प्रदान करेंगे। इसके लिए आचार्य पीयूष सागर के साथ 44 साधु.साध्वी भी महासमुंद में उपस्थित हैं।


अन्य पोस्ट