महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 8 फरवरी। बिजली बिल का भुगतान नहीं करने वाले बकायादार उपभोक्ताओं पर विद्युत विभाग लगातार कनेक्शन काटने की कार्रवाई कर रही है। दो महीने पूर्व से यह कार्रवाई शुरू हुई है। पहले शासकीय विभाग द्वारा गलियों में लगी लाइट के कनेक्शनों को काटने की शुरुआत की थी। अब निजी कनेक्शनधारियों पर विभाग ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है।
पिछले चार दिनों में विभाग ने 17 कनेक्शन काटे हैं। इनका 7 लाख 23 हजार 200 रुपए बकाया है। जिन-जिन उपभोक्ताओं द्वारा बकाया बिल पटाया जाएगा, उनका कनेक्शन फिर से जोड़ा जाएगा। विद्युत विभाग के शहर जेई एसके भगत ने बताया कि विद्युत कनेक्शन काटने का काम जारी है। बकायादारों को बिल का भुगतान करने समझाइश दी जा रही है। वहीं बिल भुगतान के लिए राहत भी दिया जा रहा है, लेकिन जो बकायादार बिल नहीं पटा रहे हैं उनका कनेक्शन काटा जा रहा है।
विभाग से मिली जानकारी के अनुसार पटरीपार में अधिक लोड होने के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित होने की लगातार समस्या आ रही थी। सबसे ज्यादा समस्या गर्मी के दिनों में होती है। इसलिए इस साल गर्मी के पूर्व इमलीभाठा के पास दो जगह राठौर आटा चक्की व गुडशेफर्ड स्कूल के पास अतिरिक्त ट्रांसफॉर्मर लगाया है। यहां अतिरिक्त ट्रांसफॉर्मर लगने से अयोध्या नगर, अंबेडकर स्कूल क्षेत्र, गुलशन चौक, मेन रोड व ईमलीभाठा क्षेत्र में अब परेशानी नहीं होगी।
जेई ने बताया कि चार दिन में 3.76 लाख रुपए की वसूली हुई है। ये राशि 30 बकायादारों ने चुकाई है। वहीं 17 बकायादारों से अभी और वसूली करनी है। जब तक ये बिल का भुगतान नहीं करेंगे, उनका कनेक्शन नहीं जोड़ा जाएगा। ये लोग कनेक्शन अवैध रूप से जोड़ेंगे तो ऐसे मामलों में भी कार्रवाई की जाएगी। 1 से 4 फरवरी तक कनेक्शन काटा गया है। चार दिन में 47 उपभोक्ताओं से 11 लाख की वसूली की जानी थी। पर 30 लोगों ने ही 3.76 लाख रुपए चुकाया है। वहीं 7 लाख 23 हजार 200 की वूसली की जानी शेष है।