महासमुन्द
डेढ़ लाख किसानों ने समर्थन मूल्य में धान बेचने के लिए कराया था पंजीयन
10548 पंजीकृत किसानों ने धान नहीं बेचा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 8 फरवरी। खरीफ सीजन 2021-22 में समर्थन मूल्य में धान की खरीदी का समापन सोमवार को हो गया। कल अंतिम दिन 51 समितियों में 314 किसानों से 14 हजार 786 क्विंटल धान की खरीदी की गई। जिले में इस वर्ष 77.41 लाख क्विंटल धान की खरीदी हुई है, जो उत्पादित लक्ष्य से चार लाख क्विंटल और शासन के लक्ष्य से सात लाख क्विंटल कम है। जानकारी के मुताबिक इस साल 10548 पंजीकृत किसानों ने धान नहीं बेचा। महासमुंद जिले में इस साल 1 लाख 39 हजार 682 किसानों से कुल 77 लाख 41 हजार 777 क्विंटल धान की खरीदी की गई है। इसके एवज में किसानों के खातों में कुल 15 अरब 1 करोड़ 92 लाख 72560 रुपए का भुगतान किया जाएगा। भुगतान की प्रक्रिया शुरू भी हो गई है। इस साल 1 लाख 50229 किसानों ने समर्थन मूल्य में धान बेचने के लिए अपना पंजीयन कराया था। इन किसानों से करीब 85 लाख क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित था। जिला विपणन अधिकारी जयदेव सोनी का कहना है कि अंतिम दिन मात्र 314 किसानों ने टोकन कटाया था, जिनसे 14786 क्विंटल की खरीदी की गई। अन्य किसानों ने अपना धान नहीं बेचा।
2.20 लाख हेक्टेयर में ली गई थी धान की फसल
मालूम हो कि जिले के 1 लाख 50 हजार 229 पंजीकृत किसानों ने इस बार 2.20 लाख हेक्टेयर में धान की फसल ली थी। इस बार समय में बारिश नहीं होने से किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी भी नहीं मिल पाया था। सीजन के अंत में अच्छी बारिश होने के कारण किसानों को थोड़ी राहत जरूरी मिली। जिला प्रशासन ने 152 समितियों के माध्यम से खरीदी के लिए शासन ने 85 लाख क्विंटल की खरीदी का लक्ष्य दिया था। वहीं धान उत्पादन के एवज में 82 लाख क्विंटल की खरीदी होनी थी, लेकिन इस बार दोनों ही लक्ष्य से कम की खरीदी हुई है। जिले में इस वर्ष 77.41 लाख क्विंटल धान की खरीदी हुई है, जो उत्पादित लक्ष्य से चार लाख क्विंटल और शासन के लक्ष्य से सात लाख क्विंटल कम की खरीदी हुई है।
खरीदी के अंतिम दिन 51 समितियों में ही खरीदी हुई। इन समितियों के माध्यम से 314 किसानों से 14 हजार 786 क्विंटल धान खरीदा गया। 101 समिति में निर्धारित समय से पूर्व ही धान की खरीदी पूरी कर ली गई थी। यानी इन समितियों में पंजीकृत सभी किसानों से धान की खरीदी पहले ही हो चुकी थी। कल सोमवार को खरीदी की अंतिम तिथि थी। 10 हजार 638 पंजीकृत किसान धान बेचने के लिए शेष रहे गए। इन किसानों से खरीदी करने के लिए रविवार को समितियों से रात 11 बजकर 59 मिनट तक टोकन जारी किया गया और देर रात तक मात्र 314 किसान ने ही टोकन कटाया। इस तरह इस वर्ष 10547 पंजीकृत किसानों ने धान नहीं बेचा।