महासमुन्द

कलेक्टोरेट कार्यालय सहित आस-पास के सरकारी दफ्तर व न्यू सिविल लाइन का कनेक्शन अलग
07-Feb-2022 5:46 PM
कलेक्टोरेट कार्यालय सहित आस-पास के सरकारी दफ्तर व न्यू सिविल लाइन का कनेक्शन अलग

पांच घंटे सप्लाई बंद कर अलग किया कनेक्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 7 फरवरी। महासमुंद शहर की ओर बिजली का लोड कम करने बिजली विभाग ने कलेक्टोरेट कार्यालय सहित आस-पास के सरकारी दफ्तर व न्यू सिविल लाइन का कनेक्शन अलग कर दिया गया है। इससे अब कलेक्टोरेट क्षेत्र की ओर होने वाले फाल्ट का सुधार करने के लिए शहर की विद्युत आपूर्ति बाधित करने की जरूरत नहीं होगी। वहीं कनेक्शन अलग होने से दोनों ही क्षेत्र के उपभोक्ताओं को इसका लाभ मिलेगा। यह योजना साल भर पहले बनाई गई थी, जिस पर लगातार काम चल रहा था। आखिरकार कल रविवार को कनेक्शन अलग कर दिया गया।

जेई ने बताया कि कनेक्शन अलग करने के लिए रविवार सुबह 9 बजे से बिजली काट दी गई थी। बिजली कार्यालय परिसर स्थित 132 केवी से लाइन खींच कर उसे 33 केवी में जोडकर 33 केवी कनेक्शन को 11 केवी में जोड़ा गया। इस कार्य को करने में पांच घंटे लगे। उन्होंने बताया कि कार्य के दौरान कलेक्टोरेट रोड, न्यू सिविल लाइन, भलेसर रोड, बागबाहरा रोड, आश्रम काम्प्लेक्स, पंचशील क्लब, क्लब पारा, गांधी चौक, बाजार, गुडरुपारा, बीटीआई व कौशिक कॉलोनी क्षेत्र में बिजली सप्लाई बंद थी।

मालूम हो कि कनेक्शन अलग नहीं होने के कारण शहर की ओर या फिर कलेक्टोरेट की तरफ यदि लोड अधिक या फाल्ट होने पर कलेक्टोरेट के साथ शहर के 40 फीसदी हिस्से में बिजली काटनी पड़ती थी। फाल्ट सुधार होने के बाद ही एक साथ आपूर्ति बहाल होती थी। वहीं लोड अधिक होने के कारण भी आए दिन समस्या होती थी। इस संबंध में शहर जेई एसके भगत ने बताया कि लाइट गुल होने से शहर व कलेक्टोरेट के आसपास के कार्यालयों में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। लाइट बंद होने से कार्य प्रभावित होते थे। लोगों की सहूलियत के लिए कनेक्शन को अलग करने का काम दोपहर डेढ़ बजे तक काम पूरा कर लिया गया। कनेक्शन अलग होने से लोड भी कम हो गया है।


अन्य पोस्ट