महासमुन्द

धान खरीदी : रविवार दिनभर सर्वर डाऊन, टोकन के लिए आधी रात तक मशक्कत करते रहे किसान
07-Feb-2022 3:10 PM
धान खरीदी : रविवार दिनभर सर्वर डाऊन, टोकन के लिए आधी रात तक मशक्कत करते रहे किसान

152 समितियों में 77 लाख क्विंटल की खरीदी, 33 लाख क्विंटल धान का उठाव बाकी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 7 फरवरी।
समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का आज अंतिम दिन है। एक दिन पहले रविवार को किसानों को टोकन कटाने काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। शासन द्वारा निर्धारित समय के अनुसार आज सोमवार 7 फरवरी को धान खरीदी की अंतिम तारीख निर्धारित है। इसके लिए रविवार को बड़ी संख्या में सोसायटी पहुंचकर किसानों ने टोकन कटवाया। लेकिन अंतिम दिन सर्वर ने साथ नहीं दिया और किसानों को टोकन के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। किसानों की परेशानी को देखते हुए समितियों ने भी साथ दिया और टोकन काटने का सिलसिला देर रात तक जारी रहा।

महासमुंद जिले में पंजीकृत किसानों में से 10 हजार किसानों की धान खरीदी अब भी बाकी है। अंतिम दिन धान खरीदी के लिए इन किसानों का टोकन रविवार को काटा जाना था। टोकन के लिए सुबह से ही किसान समितियों में पहुंच रहे थे, लेकिन यहां सर्वर डाउन होने के कारण किसानों को खासे परेशानी झेलनी पड़ी। देर शाम तक केवल 310 किसानों को ही टोकन जारी हुआ था। किसान बार-बार समितियों के चक्कर काट-काटकर थक गए थे, लेकिन उन्हें केवल एक ही जवाब मिल रहा था कि सर्वर डाउन है। आखिरकार दोपहर बाद सर्वर शुरू हुआ और किसानों का टोकन काटने का काम शुरू किया गया।

किसानों की परेशानी को देखते हुए समितियों ने भी साथ दिया और टोकन काटने का सिलसिला देर रात तक जारी रहा और देर शाम तक 310 किसान को टोकन जारी हुआ। इनसे 14541 क्विंटल धान की खरीदी सोमवार को की जानी है। इस संबंध में जिला विपणन विभाग का कहना है कि सुबह से दोपहर तक सर्वर डाउन होने के कारण टोकन जारी करने में परेशानी हुई। रविवार रात 11 बजकर 59 मिनट तक पंजीकृत किसानों को टोकन जारी किया गया है। इससे जो किसान धान बेचना चाहते हैं उन्हें पर्याप्त समय मिल गया। जिनका टोकन रविवार देर रात तक कट गया, उनका धान आज खरीदा जाएगा।

मालूम हो कि जिले की 152 समितियों में धान का उठाव नहीं होने के कारण जाम की स्थिति है। हालांकि आज एक दिन ही खरीदी करनी है, इसलिए समिति के लोग जगह बनाकर धान की खरीदी किसानों से कर लेंगे, लेकिन सही समय में उठाव नहीं हुआ तो समितियों को नुकसान होगा। सूखत का प्रतिशत बढ़ेगा। इस वक्त जिले के 152 समितियों में 77 लाख क्विंटल की खरीदी की गई है। इन समितियों में 33 लाख धान रखा हुआ है। इसमें 13 लाख क्विंटल धान बफर लिमिट से अधिक है। कुल 33 लाख क्विंटल धान का उठाव बाकी है और 43 लाख क्विंटल धान का उठाव हुआ है। इसमें 32 लाख क्विंटल धान को मिलिंग के लिए मिलर्स ने उठाया है, वहीं 11 लाख क्विंटल धान संग्रहण केंद्र भेजा गया है।

इस साल महासमुंद जिले में समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए 1.50 लाख किसानों ने पंजीयन कराया था। इस साल खरीदी का लक्ष्य 85 लाख क्विंटल निर्धारित किया गया था। 1 दिसंबर से शुरू हुई धान खरीदी की प्रक्रिया 31 जनवरी तक पूरी होनी थी पर दो बार हुई असमय बारिश के कारण किसानों को धान बेचने में परेशानी हुई और सप्ताहभर से अधिक समय खरीदी प्रभावित रही। इसे देखते हुए 7 फरवरी तक का समय बढ़ाया गया। जिले में अब तक 1.39 लाख पंजीकृत किसानों ने धान बेचा है। इन किसानों से 77 लाख क्विंटल के धान की खरीदी की जा चुकी है।
 


अन्य पोस्ट