महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 6 फरवरी। पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के संबंद्ध महाविद्यालयों में शनिवार से सेमेस्टर की परीक्षाएं शुरू हो गई है। पिछले दो साल की भांति इस साल भी परीक्षार्थी घर में बैठकर प्रश्नों को हल कर रहे हैं। कोविड के चलते इस बार भी सेमेस्टर परीक्षाएं ऑनलाइन लेने का फैसला रविवि ने लिया था। इसके तहत पीजी के एमएससी, एमकॉम, पीजीडीसीए, बीएड कक्षाओं के छात्र-छात्राएं शामिल हैं। सुबह से परीक्षार्थियों को सोशल मीडिया के माध्यम से उनके मोबाइल पर प्रश्न-पत्र पहुंच गए थे। परीक्षार्थियों ने अपने घर से प्रश्नों को हल किया। इसके बाद देर शाम महाविद्यालयों में उत्तरपुस्तिकाओं को जमा किया गया। जिन्होंने कल शाम तक उत्तर पुस्तिका जमा नहीं किया है, वे आज रविवार सुबह तक जमा करेंगे।
मालूम हो कि उत्तर पुस्तिका जमा करने के लिए 24 घंटे का ही समय दिया गया है। निर्धारित समय पर ही उत्तरपुस्तिका को जमा करना है। इस संबंध में कर्मा कन्या महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रमेश देवांगन का कहना है कि शनिवार से परीक्षाएं शुरू हो गई है। पूर्व की भांति ऑनलाइन मोड पर परीक्षाएं ली जा रही है। कल 5 फरवरी से शुरू हुई सेमेस्टर की परीक्षा 25 जनवरी से शुरू होने वाली थी। लेकिन समय सारणी में परिवर्तन करते हुए 5 फरवरी से परीक्षा लेने का रविवि ने निर्णय लिया। कोरोना के बढ़ते केस को देखते हुए समय में परिवर्तन किया गया है। कोरोना के चलते कॉलेजों में तीन सत्रों में ऑनलाइन परीक्षाएं हो रही है।
इसमें प्रश्नों को हल करने के बाद परीक्षार्थियों को उत्तरपुस्तिका जमा करने के लिए प्रबंधन ने 24 घंटे का समय दिया है। स्थानीय परीक्षार्थियों को जमा करने में दिक्कत नहीं है, लेकिन गांव में रहने वाले परीक्षार्थियों को दिक्कत न हो इसलिए यह समय दिया गया है। लोकल परीक्षार्थी प्रश्नों को हल कर शाम तक उत्तरपुस्तिका को जमा कर रहे हैं, जबकि गांव वाले परीक्षार्थी दूसरे दिन सुबह 11 से 12 बजे तक जमा कर सकते हैं।