महासमुन्द

अधिक दाम पर यूरिया खरीदने किसान मजबूर भाजपा ने दी आंदोलन की चेतावनी
06-Feb-2022 4:31 PM
अधिक दाम पर यूरिया खरीदने किसान मजबूर भाजपा ने दी आंदोलन की चेतावनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 6 फरवरी ।
किसान इन दिनों यूरिया की किल्लत से जूझ रहे हैं। फसलों में यूरिया व खाद डालने के लिए किसान काफी परेशान हैं। परेशानी का कारण समितियों यूरिया का नहीं मिल रहा है। इसी के चलते किसान अधिक दामों पर बाजार से यूरिया खरीदकर खेतों में डाल रहे हैं। बता दें कि समितियों में स्टॉक नहीं होने के कारण किसानों को मजबूरीवश अधिक रुपए खर्च करना पड़ रहा है। समितियों के माध्यम से किसानों को खाद व यूरिया की सप्लाई निर्धारित दाम में की जाती है, लेकिन समितियों ने इस बार डिमांड ही नहीं भेजी है। खाद की बढ़ती किल्लत को देखते हुए भाजपा आंदोलन के मूड में इसी लापरवाही के कारण यूरिया की किल्लत जिले में बढ़ी हुई है। जिला विपणन अधिकारी जयदेव सोनी का कहना है कि समिति से डिमांड नहीं आई है, इसलिए वहां यूरिया व खाद नहीं भेजा गया है। विपणन विभाग के पास 400 टन खाद रखी हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार 1200 रुपए के करीब मिलने वाले डीएपी खाद की कीमत डेढ़ गुना पहुंच गई है। ऐसे ही यूरिया को भी दो से तीन गुना अधिक दाम पर बेचा जा रहा है। कई इलाकों में तो निजी दुकानों में भी खाद नहीं होने से किसानों की समस्या और बढ़ गई है। किसान रबी फसल की तैयारी में लगे हैं। खाद के लिए भी किसान सोसाइटियों तक पहुंच रहे हैं, लेकिन खरीफ सीजन की तरह रबी के लिए भी किसानों को यूरिया, पोटाश, सुपर फास्फेट, एनपीके, डीएपी के लिए चक्कर काटने पड़ रहे हैं।

महासमुंद जिले के दुकानों में खादों की कीमत बढऩे का कारण समितियों में खाद नहीं होना बताया जा रहा है। लेकिन निजी दुकानों में भरपूर मात्रा में यूरिया आ रहा है। परसों शुक्रवार को ही पटेवा क्षेत्र के दुकानों के लिए दो ट्रक यूरिया की खेप पहुंची थी। जिलेभर में खुले तौर पर अधिक दाम पर खाद बेचे जा रहे हैं और कृषि विभाग के अधिकारी शिकायत का इंतजार कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि अधिक दाम में बेचे जाने की शिकायत मिलेगी तो जरूर कार्रवाई की जाएगी।

खाद की बढ़ती किल्लत को देखते हुए भाजपा आंदोलन के मूड में है। किसानों की परेशानियों को देखते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी ने बसना में अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर जल्द ही समस्या दूर करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्या दूर नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। इसी तरह बागबाहरा की जनपद अध्यक्ष स्मिता हितेश चंद्राकर ने बताया कि इस मुद्दे पर 8 फरवरी को किसानों की बैठक बुलाई गई है। किसानों ने 31 मार्च को इस संबंध में ज्ञापन सौंपा था। लेकिन अब तक किसानों को समस्या दूर नहीं हुई है। किसानों की समस्या जल्द ही दूर नहीं हुई तो उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।


अन्य पोस्ट