महासमुन्द

दुकानों में खाली कराने पहुंचा यूरिया कृषि सभापति की सक्रियता से वास्तविक कीमत पर किसानों के हवाले
05-Feb-2022 5:34 PM
 दुकानों में खाली कराने पहुंचा यूरिया कृषि सभापति की सक्रियता से वास्तविक कीमत पर किसानों के हवाले

खाद के लिए समितियों के चक्कर लगा रहे किसान, जिम्मेदार दावा करते हैं कि कोई किल्लत नहीं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 5 फरवरी। जिले के झलप में अधिक दाम पर बेचने के लिए मंगाई गई दो ट्रक यूरिया खाद को जिला पंचायत के कृषि सभापति की सक्रियता से 300 किसानों को वास्तविक कीमत पर दी गई। मालूम हो कि जिले में खाद की किल्लत कम होने का नाम नहीं ले रही है। खाद के लिए किसान समितियों के चक्कर लगा रहे हैं जबकि जिम्मेदार लगातार यही दावा कर रहे हैं कि जिले में खाद की कोई किल्लत नहीं है। खाद के लिए इस कदर मारामारी है कि किसान निजी संस्थानों से खाद अधिक दाम ले रहे हैं।

इसी समस्या को देखते हुए जिला पंचायत के कृषि सभापति अमर अरुण चंद्राकर ने झलप के कुछ दुकानों में पहुंची खाद से भरे दो ट्रकों को रुकवाया। मौका स्थल पर ही कम दाम में किसानों को खाद का वितरण कराया गया। अमर ने बताया कि 265 रुपये की यूरिया को व्यापारियों द्वारा आठ सौ से हजार रुपये में बेची जा रही थी। साथ ही यूरिया लेने के किसानों से अतिरिक्त राशि लेकर अन्य दवाओं को थमाया जा रहा था। उन्होंने बताया कि हरिओम कृषि केंद्र झलप, सरदार कृषि केंद्र झलप व अग्रवाल कृषि केंद्र झलप में खाली होने पहुंची दो ट्रकों में भरी यूरिया को दुकान में खाली ना कराकर तीन सौ किसानों को 265 रुपये की दर से वितरण कृषि विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में कराया गया। इसी तरह तुमगांव के शीतल ब्रदर्स नरतोरा के पटेल कृषि केंद्र व तुमगांव के बीना एग्रोटेक, जया कृषि केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के किसान लगातार उन्हें यूरिया खाद की किल्लत व निजी संस्थानों में अधिक दाम पर बेचने की शिकायत कर रहे थे। इसी के तहत सूचना मिलने पर उन्होंने झलप के दुकानों में खाली कराने पहुंचे यूरिया को जिला पंचायत के कृषि सभापति की सक्रियता से 300 किसानों को वास्तविक कीमत पर दी गई।


अन्य पोस्ट