महासमुन्द

प्रभारी पंचायत सचिव को हटाने युकां के साथ किशनपुर के ग्रामीणों ने जनपद पंचायत घेरा
05-Feb-2022 4:54 PM
प्रभारी पंचायत सचिव को हटाने युकां के साथ किशनपुर के ग्रामीणों ने जनपद पंचायत घेरा

आरोप-सचिव के आने से गांव में विवाद व तनाव की स्थिति

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 फरवरी ।
पिथौरा क्षेत्र के ग्राम पंचायत किशनपुर के प्रभारी पंचायत सचिव पुनीत सिन्हा को हटाने की मांग को लेकर शुक्रवार को युवक कांग्रेस के नेतृत्व में किशनपुर के ग्रामीणों ने जनपद पंचायत का घेराव कर धरना दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि जब से सचिव पुनीत सिन्हा को ग्राम किशनपुर में सचिव की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है तब से गांव अराजकता का माहौल है। गांव में हमेशा वाद विवाद की स्थिति निर्मित होती रहती है। गांव के दो गुटों में लगातार विवाद की स्थिति निर्मित हो रही है। इस मामले को लेकर ग्राम के युवकों द्वारा पंचायत सचिव को हटाने की मांग की गई।

इस संबंध में युवक कांग्रेस अध्यक्ष कौशल रोहिल्ला ने 31 जनवरी को जनपद पंचायत, अनुविभागीय अधिकारी के समक्ष ज्ञापन सौंपकर पंचायत सचिव को हटाने की मांग की थी। युवक कांग्रेस ने ज्ञापन में बताया कि उक्त सचिव के आने से ग्राम में विवाद व तनाव की स्थिति बनी हुई है। सचिव पर युकांजनों ने गांव में गुटबाजी करने का आरोप लगाया। कहा कि सिन्हा पर दो ग्राम पंचायत का प्रभार होने के कारण सचिव पद पर ठीक तरीके से कार्य नहीं किया जा रहा है। आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत का कामकाज कम और निजी कार्य ज्यादा किया जा रहा है।

युवा कांग्रेस अध्यक्ष कौशल रोहिल्ला ने कहा कि उक्त पंचायत सचिव के द्वारा ग्राम में किए गए निर्माण संबंधित कार्य एवं व्यय संबंधित सभी दस्तावेजों की जांच होनी चाहिए। युवक कांग्रेस ने ज्ञापन में उक्त सचिव को चार दिवस के भीतर हटाने की मांग की थी, मांग पूरी नहीं होने पर पूर्व में चार फरवरी को जनपद पंचायत कार्यालय पिथौरा घेराव करने की चेतावनी देकर शुक्रवार को घेराव किया गया।


अन्य पोस्ट