महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 4 फरवरी । जिले में धान खरीदी अब अंतिम दौर में है। खरीदी के लिए अब दो दिन ही शेष बचे हैं। आज शुक्रवार के बाद सोमवार 7 फरवरी को धान खरीदी की अंतिम तिथि रहेगी। जिले में 152 समिति के माध्यम से धान की खरीदी की जा रही है। 31 जनवरी तक सरकार को धान खरीदी पूरी करनी थी, लेकिन बेमौसम के चलते 15 दिन तक खरीदी प्रभावित हुई थी। इसके कारण सरकार को समय सीमा बढ़ानी पड़ी।
धान खरीदी की समय सीमा बढऩे के बाद उसकी अंतिम तिथि समाप्त होने के लिए मात्र दो दिन शेष रह गए हैं। जानकारी के अनुसार जिले में 1.39 लाख किसानों ने अपना धान बेच लिया है। अब मात्र 11 हजार किसान ही धान बेचने के लिए बच गए हैं। इन किसानों को अब अपना धान दो दिन में बेचना होगा। कल शुक्रवार को खरीदी के बाद 5 व 6 फरवरी को साप्ताहिक अवकाश रहेगा। इसके बाद 7 फरवरी को ही खरीदी होगी। इन दो दिन में 11 हजार किसानों से लक्ष्य के अनुसार 9 लाख क्विंटल धान की खरीदी करनी है।
इस संबंध में डीएमओ जयदेव सोनी का कहना है कि सरकार ने जो समय दिया है उसमें पूरे किसानों का धान खरीद लिया जाएगा।
समिति प्रबंधक के जिला अध्यक्ष जयप्रकाश साहू ने बताया कि जिले के बागबाहरा ब्लॉक के समिति में धान खरीदी लगभग पूरी हो गई है। निर्धारित लक्ष्य व पंजीकृत किसानों से समय रहते इनसे धान की खरीदी कर ली गई है।
मालूम हो कि जिले में 152 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से 76 लाख 69 हजार क्विंटल धान की खरीदी की गई है। लेकिन उठाव की रफ्तार कम है। पिछले दो महीने में समिति के माध्यम से खरीदे गए धान का मात्र 42 लाख क्विंटल ही उठाव हो पाया है। 34 लाख क्विंटल धान अभी भी उपार्जन केंद्र में रखा हुआ है। मिलर्स ने 30 लाख क्विंटल धान मिलिंग के लिए उठाव कर लिया है। वहीं संग्रहण केंद्र में 12 लाख क्विंटल धान भेज दिया गया है।