महासमुन्द
घर-घर जाकर शाला त्यागी किशोरों को टीका लगाया जा रहा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 4 फरवरी । जिले में पहली डोज के वैक्सीनेशन का आंकड़ा सप्ताहभर से 65 फीसदी पर ही अटका हुआ है। इसका कारण स्कूलों का बंद होना और कई किशोरों को टीकाकरण के लिए सामने नहीं आना बताया जा रहा है, हालांकि विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जिले में घर-घर जाकर शाला त्यागी किशोरों को टीका लगाया जा रहा है।
इधर, किशोरों को कोवैक्सीन की दूसरी डोज लगाने के लिए स्कूलों में ही शिविर आयोजित हो रहे हैं। इसके तहत गुरूवार को 3583 को दूसरी डोज का टीका लगाया गया। वहीं सिर्फ 66 किशोरों ने ही वैक्सीन की पहली डोज ली।
जानकारी के मुताबिक स्कूलों में वर्तमान समय में 15-18 आयु वर्ग के लगभग 61 हजार किशोर अध्ययनरत हैं। वहीं कोरोना काल से स्कूली सत्र के अस्त-व्यस्त होने के चलते बहुत से स्कूल के किशोरों को अभी भी टीका लगाया जाना बाकी है।
तीन जनवरी से शुरू हुए किशोरों के टीकाकरण के पहले पखवाड़े तक तो रफ्तार काफी अच्छी रही। 24 जनवरी तक जिले के 42480 को टीका लगा और 3 फरवरी तक लगभग 42750 को ही पहले डोज का टीका लग पाया है। मालूम हो कि जिले में 65321 किशोरों को कोरोना का टीका लगाने का लक्ष्य राज्य से प्राप्त हुआ है, लेकिन इस लक्ष्य तक पहुंचने में अभी और दिन लग जाएंगे।