महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 फरवरी। कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर के निर्देश पर कृषि विभाग के उप संचालक अमित मोहंती द्वारा जिला स्तरीय उडऩदस्ता दल का गठन कर मंगलवार 1 फरवरी को बसना विकासखण्ड के कृषि आधारित दुकानों का औचक निरीक्षण किया। कृषि विभाग द्वारा अमानक खाद के विक्रय तथा कालाबाजारी की रोकथाम के लिए कालाबाजारी में लिप्त दुकानदारों पर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही हैं।
उप संचालक ने बताया कि निरीक्षण के दौरान मेसर्स सिंधु कृषि सेवा केन्द्र बंसुला, मेसर्स कंसल खाद भंडार बसना एवं सृष्टि इंटरप्राईजेस भूकेल के दुकानों में अनियमितता पाए जाने के कारण संबंधित फर्मों को उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 के नियमों का उल्लंघन करने के फलस्वरूप कारण बताओं नोटिस जारी कर तीन दिवस के भीतर जवाब मंगाया गया है। जवाब संतोषप्रद नहीं होने पर संबंधित फर्म के लाइसेंस निलंबन करने की कार्रवाई की जाएगी।
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सरायपाली नम्रता जैन एवं कृषि विभाग के उप संचालक अमित मोहंती के मार्गदर्शन में राजस्व एवं कृषि अधिकारियों ने जिले के अमानक खाद के विक्रय तथा कालाबाजारी की रोकथाम के लिए कृषि आधारित दुकानों का औचक निरीक्षण कर कालाबाजारी में लिप्त दुकानदारों पर कार्रवाई की गई। कृषि विभाग के उप संचालक ने बताया कि जांच के दौरान 10 द्वारा 95 बोरी यूरिया 500 रुपए की दर से एवं 34 बोरी डीएपी खाद 1450 रुपए की दर से सरायपाली के मेसर्स राजेश अग्रवाल से खरीदा गया है। मौके पर ही किसानों से बयान व पंचनामा तैयार कर अधिक ली गई 28824 रुपए की राशि किसानों को वापस दिलाई गई तथा विक्रय परिसर एवं खाद गोदाम को सील कर दिया गया। इस दौरान नायब तहसीलदार चौहान, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी एनके भोई, जेडी मांझी, राजस्व निरीक्षक साहू एवं पटवारी श्री जगत मौजूद थे।