महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 फरवरी। जमीन संबंधी पुराने विवाद को लेकर अधेड़ को लगातार ताना मारना दो भाइयों को महंगा पड़ गया। तानों से परेशान अधेड़ ने दोनों भाइयों पर टंगिया से हमला कर दिया। इससे दोनों घायल हो गए हैं। इनमें से एक भाई गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज रायपुर के निजी अस्पताल में चल रहा है। वहीं दूसरे भाई का इलाज सरायपाली में जारी है। मामला सरायपाली थाना क्षेत्र के ग्राम लाखनपाली का है।
जानकारी अनुसार हमला करने वाले और घायल दोनों के बीच जमीन संबंधी पुराना विवाद है। पुलिस ने मामले में आरोपी अधेड़ को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। थाना प्रभारी आशीष वासनिक ने बताया कि 30 जनवरी को ग्राम लाखनपाली में रहने वाले दीपक सिदार पिता पदमन सिदार व उसके बड़े भाई बाबूलाल सिदार पर गांव के लालसिंह सिदार पिता कार्तिक राम सिदार ने अपने पास रखे टंगिया से जानलेवा हमला कर दिया। पहले आरोपी ने बाबूलाल सिदार पर टंगिया से उसके सिर पर पीठ में हमला किया। इसके बाद उसने छोटे भाई दीपक पर हमला किया। इसमें बाबूलाल गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे इलाज के लिए रायपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं दीपक का सरायपाली में इलाज चल रहा है।
दीपक के कंधे व सिर में चोटें आई हंै। घायल दीपक ने इस मामले की थाने रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं उसके पास से हथियार भी बरामद कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी लालसिंह से जब घटना को लेकर पूछताछ की गई तो उसने बताया कि दीपक व बाबूलाल से उसका जमीन संबंधी पुराना विवाद चल रहा था। दोनों पिछले कई दिनों से उसे ताना मार रहे थे। बीते 30 जनवरी को दोनों ने फिर से ऐसा ही किया। आखिरकार लालसिंह ने गुस्से में दोनों पर हमला कर दिया।