महासमुन्द

स्कूल समायोजन के दौरान विभाग ने ऑनलाइन की प्रक्रिया नहीं अपनाई, पालक को हो रही समस्या
03-Feb-2022 4:16 PM
स्कूल समायोजन के दौरान विभाग ने ऑनलाइन की प्रक्रिया नहीं अपनाई, पालक को हो रही समस्या

विभाग को मिल चुकीं है ऐसी कई शिकायत

महासमुंद, 3 फरवरी। आरटीई राइट टू एजुकेशन के तहत पढ़ाई कर रही एक बच्ची को जिला मुख्यालय के निजी स्कूल ने पढ़ाने से मना कर दिया है। स्कूल प्रबंधन का कहना है कि आरटीई के तहत बच्ची के नाम से फीस स्कूल को नहीं मिल रही है। राशि नहीं आने के कारण उसे पढ़ाने से मना कर दिया गया है। अब बच्ची के पालक उसकी पढ़ाई को लेकर चिंतित हैं। जानकारी के अनुसार आरटीई के तहत बच्ची जिस स्कूल में पढ़ाई कर रही थी, वह स्कूल बंद हुआ तो शिक्षा विभाग ने बच्ची का समायोजन दूसरे निजी स्कूल में कर दिया था, लेकिन ऑनलाइन एंट्री करना भूल गए। इसकी वजह से बच्ची की पढ़ाई वर्तमान में रुक गई है। बच्ची के पिता पिछले कई दिनों से शिक्षा विभाग के चक्कर काट रहे हैं।

नयापारा नूरानी चौक निवासी मोहम्मद सज्जाद ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी शाहिदा खातून का प्रवेश नर्सरी में शिक्षा के अधिकार के तहत ईदगाहभांठा के पास संचालित अजीज पब्लिक स्कूल में साल 2016-17 में कराया था। वर्ष 2019-20 तक कक्षा पहली तक पढ़ाई की। कोरोना के दौरान स्कूल को प्रबंधन ने बंद कर दिया। इसके बाद इसकी जानकारी शिक्षा विभाग को दी। उन्होंने उस समय इमलीभांठा स्थित एक निजी स्कूल में बच्ची का समायोजन किया। इसके बाद बच्ची ने उसी स्कूल में कक्षा दूसरी की पढ़ाई की और वर्तमान में कक्षा तीसरी में अध्ययनरत है। जनवरी में स्कूल प्रबंधन ने फीस नहीं पटाने की बात कहकर उसे पढ़ाने से मना कर दिया।

मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारी जल्द ही ऑनलाइन एंट्री कराने की बात कह रहे हैं। जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु भारतीय के मुताबिक मामले की जानकारी मिली है। बच्ची की ऑनलाइन एंट्री के लिए पत्र लिखा गया है। वहीं ब्लॉक के शिक्षा अधिकारियों से पत्राचार भी किया गया है कि ऐसे बच्चे जिनकी ऑनलाइन एंट्री नहीं हुई है, जानकारी उपलब्ध कराएं।

उन्होंने बताया कि जिले में तीन से चार बच्चों के परिजनों के माध्यम से इस प्रकार की शिकायतें मिली है। इन सभी बच्चों की ऑनलाइन एंट्री कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि मई 2021 के पूर्व ऑफलाइन प्रक्रिया चल रही थी। इस दौरान जिले में बंद स्कूलों के बच्चों का समायोजन अन्य स्कूलों में किया गया है। जिन बच्चों की ऑनलाइन एंट्री छूट गई है,उनका डाटा फिर से पोर्टल में अपलोड किया जाएगा। बच्चों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी और वे जहां पढ़ रहे हैं, उसी स्कूल में उनकी पढ़ाई जारी रहेगी।

छात्रा के पिता ने बताया कि जनवरी महीने में स्कूल प्रबंधन ने ऑनलाइन क्लास बंद करते हुए कहा कि आरटीई के तहत करीब 120 बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं, जिनकी फीस विभाग से मिल रही है। शिक्षा विभाग बच्ची की फीस जारी नहीं कर रहा। यदि पढ़ाई कराना चाहते हंै तो पूरी फ ीस चुकानी होगी। इस बात की जानकारी होने पर बच्ची के पिता जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचे और शिकायत की।


अन्य पोस्ट