महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2 फरवरी। मंगलवार को संसद भवन में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए आम बजट को भाजपा ने सराहा तथा कांग्रेस ने इसे निराशाजनक बजट बताया।
बजट संतुलित -रूपकुमारी
भारतीय जनता पार्टी की जिला अध्यक्ष व पूर्व संसदीय सचिव रूपकुमारी चौधरी ने मंगलवार को संसद में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा वर्ष 2022.2023 के लिए प्रस्तुत बट का स्वागत करते हुए कहा है कि आर्थिक स्वावलंबन की परिकल्पना को साकार करने वाले इस बजट से देश के आत्मनिर्भर सर्वागीण विकास के अनेक रास्ते खुलेंगे। ग्रोथ ओरिएंटेड बजट में देश की आर्थिक प्रगति को केंद्र में रखा गया है। बजट सर्वस्पर्शी है। श्रीमती चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार का यह बजट बहुत संतुलित व सुविचारित दृष्टिकोण का परिचायक है। आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा को धरातल पर साकार करने के संकल्प को व्यक्त करता यह बजट जहां राजेगार के नए अवसर मुहैया कराने की गारंटी दे रहा है, वहीं ढांचागत विकास व निवेश पर जोर देने वाला है।
बढ़ती महंगाई को थामने में बजट नाकामयाब-पंकज हरपाल
स्काउट गाइड संघ ब्लाक अध्यक्ष बागबाहरा पंकज हरपाल ने केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि महंगाई के इस दौर में आम बजट से मध्यमवर्गीय परिवार को राहत की बड़ी उम्मीद थी पर यह बजट आम आदमियों की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाया। महंगाई पर लगाम लगाने पर 2022 का बूस्टर बजट फैल रहा। बढ़ती महंगाई को थामने में सरकार की बजट पूरी तरह नाकामयाब रहा। खाने पीने के चीजों पर एक भी दीर्घकालीन नीति नहीं दिखी और न ही लोगों का दर्द देख पाए। यह बजट पूंजीपतियों का बजट के रूप में रहा।
बजट में शिक्षा, नौकरी समेत डिजिटल इंडिया को बढ़ावा देने के लिए बड़ी घोषणाएं-प्रकाश
इस बजट को नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर ने कहा कि यह जनकल्याणकारी है। उन्होंने कहा कि इस बजट में शिक्षा, टैक्स, नौकरी समेत डिजिटल इंडिया को बढ़ावा देने के लिए बड़ी घोषणाएं किए हैं। सरकार ने कृषि क्षेत्र से जुड़े कई अहम ऐलान किए हैं। धान और गेहूं की खरीद के लक्ष्य को बढ़ाने के फैसले पर जोर दिया है। नगर पालिका अध्यक्ष श्री चंद्राकर ने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा वर्ष 2022.23 के पेश बजट में दूरदर्शी परिणाम को देखकर तैयार किया गया है। जिसमें सभी वर्गों का ध्यान रखा गया है।
बजट दिशाहीन-चावला
केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश महामंत्री अमरजीत चावला ने कहा कि केन्द्र सरकार का बजट पूरी तरह से निराशाजनक और दिशाहीन है। बजट में किसानों, मजदूरों, युवाओं, बेरोजगारों और महिलाओं के लिए कुछ भी नहीं है।
श्री चावला ने कहा कि बजट को लेकर लोगों को बड़ी उम्मीद थी कि किसानों को, मजदूरों को कुछ मिलेगा, लेकिन इसमें कुछ नहीं है। किसानों की आय दोगुनी करने के बारे में कोई बात नहीं कही गई है। पुराने बजट में जिन विषयों को शामिल किया गया था, उनके बारे में कोई प्रावधान नहीं है। 100 स्मार्ट सिटी बनाने की बात कही थी, वो भी पूरा नहीं हो रहा है। यह बजट पूरी तरह से दिशाहीन बजट है। जिसमें न नौजवानों के लिए कुछ है, न बेरोजगारों के लिए। न महिलाओं के लिए और न किसानों के लिए कुछ है।


