महासमुन्द

दुर्गा स्व सहायता समूह के सामानों की कलेक्टर ने की सराहना
01-Feb-2022 6:01 PM
 दुर्गा स्व सहायता समूह के सामानों की कलेक्टर  ने की सराहना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 1 फरवरी। कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर से उनके कार्यालय कक्ष में महासमुंद विकासखण्ड के ग्राम भोरिंग की दुर्गा महिला स्व सहायता समूह की अध्यक्ष कुमारी साहू एवं सरपंच सह सदस्य उषा साहू ने सौजन्य कर अपने समूह द्वारा निर्मित सामग्रियां भेंट की। स्वसहायता समूह की महिलाओं ने कलेक्टर को बताया कि उनके समूह की महिलाएं वाशिंग पाउडर, साबुन, फिनॉयल, हार्पिक, मोमबत्ती, उजाला, हेण्डवास, शैम्पो के अलावा खाद्य सामग्री जैसे अयरसा, नमकीन, ठेठरी, मिक्चर, खुर्मी, आचार, पापड़, बिजौरी, बड़ी सहित अन्य सजावटी सामग्री निर्मित करती हैं।

कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने महिला स्वसहायता समूह के द्वारा निर्मित सामग्रियों की सराहना की और उन्हें आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान कलेक्ट्रेट कक्ष में उपस्थित आदिम जाति कल्याण विभाग के सहायक आयुक्त एलआर कुर्रे को कलेक्टर ने निर्देशित किया कि स्वसहायता समूह द्वारा उत्पादित सामग्रियों को छात्रावास, आश्रमों में अधिक से अधिक उपयोग करने एवं जिला स्तरीय अधिकारियों को उनके विभाग के विभागीय गतिविधियों में एवं अधिकारी अपने निजी उपयोग के लिए भी क्रय करने पर जोर दिया। ताकि समूह की महिलाएं और अधिक आत्मनिर्भर हो सकें।


अन्य पोस्ट