महासमुन्द

गंदगी कर रहे युवक को मना किया तो सफाई कर्मियों की पिटाई
01-Feb-2022 4:19 PM
गंदगी कर रहे युवक को मना किया तो सफाई कर्मियों की पिटाई

छत्तीसगढ़ संवाददाता
महासमुंद, 1 फरवरी ।
बस स्टैंड स्थित रैन बसेरा के सामने दो युवक गंदगी फैला रहे थे। ऐसा करने से मना करने पर दोनों ने पहले सफाई कर्मियों को गाली दी। फिर कुछ और साथियों को बुलाकर पिटाई कर दी। घटना के बाद पीडि़त सफाईकर्मियों ने थाने में शिकायत की है। अपराध दर्ज नहीं होने और कार्रवाई न होने को लेकर सफाईकर्मियों ने विरोध में मोर्चा खोल दिया। कर्मचारियों ने कल सोमवार को शहर में सफाई नहीं की और नगर पालिका परिसर के पास ही धरने पर बैठ गए। हालांकि पालिका प्रबंधन की ओर से पालिकाध्यक्ष ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। जिसके बाद सफाईकर्मियों ने आंदोलन समाप्त किया।

घटना परसों रविवार शाम 6 से 7 बजे के बीच की बताई जा रही है। नगर पालिका में मिशन क्लीन सिटी के तहत कार्यरत सफाई कमांडो सुमन शेंद्रे ने बताया कि वे प्रवेश द्वार के पास सीढिय़ों की सफाई के लिए पहुंचा तो वहां केवल साहू और दीपक साहू शराब पीने के बाद गंदगी कर रहे थे। सुमन ने उन्हें यूरिनल में जाकर ऐसा करने को कहा तो दोनों आक्रोशित हो गए और उसे गाली देने लगे। सुमन ने जब ऐसा करने से मना किया तो दोनों युवकों ने अपने दोस्तों को फोन किया। कुछ ही देर बाद 15 से अधिक लडक़े वहां पहुंच गए और जातिसूचक शब्द का प्रयोग करते गाली दी और सुमन व उनके साथियों के साथ मारपीट की। घटना के तत्काल बाद ही सुमन अपने साथी सफाई कर्मियों के साथ थाने पहुंचे और मामले की शिकायत की। साथ ही इसकी जानकारी नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर और सीएमओ आशीष तिवारी को दी। इसके बाद पालिकाध्यक्ष के साथ शिकायत करने सफाईकर्मी कोतवाली पहुंचे थे।
 


अन्य पोस्ट