महासमुन्द

अतिक्रमण रोकने पहुंची सरपंच से एसडीएम ने कहा, काम रोका तो बर्खास्त कर दूंगा
31-Jan-2022 6:47 PM
अतिक्रमण रोकने पहुंची सरपंच से एसडीएम ने कहा, काम रोका तो बर्खास्त कर दूंगा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 31 जनवरी। बेलसोंडा में पंचायती राज कानून सिर्फ  कहने के लिए साबित हो रहा है। यहां की सरपंच अपने अधिकार व कर्तव्य का पालन करन निकली तो यहो अफसरों की दखलंदाजी आड़े आ रही है। रविवार को बेलसोंडा गांव की सीमा में चरागाह के लिए आरक्षित जमीन पर पंचायत की अनुमति और सूचना के बगैर सडक़ बनता देख सरपंच भामिनि पोखन चंद्राकर घटना स्थल पहुंची और काम रोकने कहा। इस बात की खबर रविवार अवकाश के बावजूद एसडीएम भागवत जायसवाल को लग गई। श्री जायसवाल बकायदा आरआई, पटवारी और कोतवाली से पुलिस जवान लेकर मौके पर पहुंचे।

उन्होंने महिला सरपंच से कहा कि काम रोका तो धारा 40 क की कार्रवाई कर बर्खास्त कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि शासकीय जमीन है, कोई रास्ता बना रहा है तो क्या परेशानी है, इस पर सरपंच ने कहा कि जमीन तक पहुंचने के लिए पहले से ही दो रास्ता है। पर्याप्त चौड़ाई भी है। फिर तीसरा रास्ता बनाने की जरूरत क्यों, जबकि यह जमीन चरागाह के लिए आरक्षित है।

ज्ञात हो कि बेलसोंडा गांव में नांदगांव रोड पर एक कांग्रेस समर्थक की जमीन है। सरपंच का कहना है कि संभवत: बंगले से आए फोन पर अवकाश के दिन होने के बावजूद एसडीएम ने तत्परता दिखाई। आम आदमी के लिए अवकाश के दिन अफसर अक्सर काम टाल जाया करते हैं। लेकिन कल ऐसा नहीं हुआ। इस मामले में सरपंच भामिनी पोखन चंद्राकर के अनुसार कांग्रेस नेता ने एक महिला के नाम से ग्राम बेलसोंडा में लगभग नौ एकड़ की जमीन रेलवे क्रासिंग से धानमंडी मार्ग के बीच में मुख्य सडक़ मार्ग से दूर खार के बीच कृषिभूमि के रूप मे लिया है। इस कृषि जमीन के दोनों ओर से पहुंचने के लिए धरसा मार्ग पहले से ही बना हुआ है।


अन्य पोस्ट